
रुड़की से सड़क हादसे (Roorkee Road Accident) की खबर सामने आ रही है। हरिद्वार यूनिवर्सिटी के दो छात्र स्कूटी से रुड़की की ओर आ रहे थे। इस दौरान सामने से आ रही कार से स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रुड़की में कार और स्कूटी सवार छात्रों की जबरदस्त भिड़ंत
घटना शनिवार की है। जानकारी के अनुसार मृतक छात्र की पहचान सौरभ सिंह पुत्र सुनील कुमार सिंह के रूप में हुई है, जबकि आयुष कुमार घायल बताया जा रहा है। बताया जा रहा है दोनों छात्र हरिद्वार यूनिवर्सिटी आरसीबी कॉलेज में B.Tech की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों छात्र कॉलेज से रुड़की के लिए जगराते का सामान लेने के लिए निकले थे। इस दौरान उनकी कार से टक्कर हो गई।
हादसे में एक छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत
भीषण टक्कर में सौरभ सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आयुष गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल छात्र को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आल्टो कार को भी कब्जे में ले लिया है।