Pauri Garhwal NewsBig News

कोटद्वार में खो नदी के किनारे अतिक्रमण देख चढ़ा MLA का पारा, अधिकारियों को फटकारा

कोटद्वार की विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण बुधवार को कोटद्वार पहुंची. वहां पहुंचकर उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में स्थित खो नदी के किनारे बनी बाढ़ सुरक्षा दीवार का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान नदी किनारे अतिक्रमण देख विधायक का पारा चढ़ गया. विधायक ने अधिकारियों को जमकर फटकारा. विधायक की फटकार के कुछ ही देर बाद आला अधिकारी हरकत में आए और अतिक्रमण को ध्वस्त किया.

कोटद्वार में खो नदी के किनारे अतिक्रमण देख चढ़ा MLA का पारा

विधायक ने कहा कि पूर्व में खो नदी में उफान के कारण क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ था, जिसे देखते हुए आपातकालीन राहत कार्यों के अंतर्गत बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया गया. किंतु आज निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि ब्लूमिंग वेल स्कूल के पीछे कुछ लोगों ने सुरक्षा दीवार से मिलाकर अपने मकानों की दीवारें खड़ी कर ली हैं, जो स्पष्ट रूप से अतिक्रमण की श्रेणी में आता है. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए और सख्त लहजे में कहा कि ‘अतिक्रमण को किसी भी हाल में सहन नहीं किया जाएगा. यह जनसुरक्षा से सीधा खिलवाड़ है’.

गंदे नाले को खो नदी में गिरते देख नाराज हुई विधायक

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कुष्ठाश्रम क्षेत्र के पास एक गंदे नाले को खो नदी में गिरते हुए पाया, जिस पर उन्होंने गहरी नाराज़गी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तुरंत उस नाले के प्रवाह को रोकने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ‘जो भी व्यक्ति या संस्था नदी में कूड़ा या घरेलू गंदा पानी डाल रही है, उनके विरुद्ध तत्काल चालान की कार्रवाई की जाए’.

विधायक की फटकार का दिखा असर

विधायक ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि ड्रोन कैमरों की सहायता से खो नदी सहित अन्य नदियों की निगरानी और दोषियों पर उचित कार्यवाही की जाए, ताकि पर्यावरण और जल स्रोतों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. बताते चलें कि विधायक के निरीक्षण के कुछ ही देर बाद प्रशासन ने कोटद्वार के विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है.

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें