77 घंटों बाद खुला ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे, सिलबण में मलबा आने से यातायात हो गया था बाधित

लगातार हो रही बारिश के कारण बीते दिनों ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे बोल्डर आने के कारण बाधित हो गया था। जिसे कड़ी मशक्कत के बाद 77 घंटे बाद खोल दिया गया है। जिस से सड़क के दोनों ओर फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
77 घंटों बाद खुला ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे
प्रदेश में बीते कई दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। जिस से प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में लगातार भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। बीते दिनों ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे भी भूस्खलन के कारण बाधित हो गया था। जिसे 77 घंटे की कड़ी मशक्कत ते बाद सोमवार दोपहर को खोल दिया गया है।
सिलबाण में मलबा आने के कारण यातायात हो गया था बाधित
बीते कई दिनों से क्षेत्र में हो रही भीषण मूसलाधार बारिश के कारण आगराखाल व बगरधार के बीच स्थान सिलबण में पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के कारण सड़क यातायात के लिए बाधित हो गया था। हाईवे के बंद होने के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। सड़क के दोनों ओर यात्री फंस गए थे।
लोगों को करना पड़ा भारी दिक्कतों का सामना
हाईवे पर मलबा आ जाने के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एमजीसीपीएल कंपनी निरंतर मुस्तैदी के साथ बारिश के बावजूद भी मलबा हटाने में लगी रही। तीन पोकलैंड एक लोडर सहित चार मशीनें मलबा हटाने में लगाई गई। जिसके बाद आखिरकार 77 घंटों की भारी मशक्कत के बाद ऋषिकेश गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 94 यातायात के लिए खोल दिया गया है।
हरिद्वार देहरादून से लेकर कर उत्तरकाशी जिले तक की लाइफ लाइन मानी जाने वाली इस रोड के बाधित होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हाईवे बंद रहने से समूचे क्षेत्र में खाद्यान्न, सब्जी, दूध आदि न पहुंचने से आम नागरिकों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।