देहरादून : लॉकडाउन के कारण अन्य राज्यों में फंसे उत्तराखंड के लोगों को वापस लाने और उत्तराखंड में फंसे अन्य राज्यों के लोगों को वापस उनके घर भेजने की जिम्मेदारी दो तेज तर्रार अफसरों को सौंपी गई है। इनकी एक टीम बनाई गई है जिनमे इनके साथ 4 अन्य अधिकारी भी हैं।
आने-जाने वालों को ये अधिकारी जारी करेंगे पास
बता दें कि उत्तराखंड के लोगों को वापस लाने और यहां से वापस भेजने के लिए दो अफसरों समेत 6 अधिकारियों की टीम बनाई है। यह टीम साथ ही आने-जाने वालों को पास जारी करेंगे। साथ ही मेडिकल और परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए एक लिंक जारी कर प्रवासियों से ऑनलाइन विवरण मांगा गया है। साथ ही इसमे सोशल डिस्टेंसिंग का खास ख्याल रखने की हिदायत दी गई है।
सीएम ने की थी अधिकारियों के साथ बैठक
बता दें कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने बुधवार को राज्यों को प्रवासियों को वापस लाने के लिए सशर्त मंजूरी दी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी अधिकारियों की बैठक लेते हुए व्यवस्थित योजना बनाने के निर्देश दिए थे। गुरुवार को मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने शासनादेश जारी कर 6 अधिकारियों को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप दी है।
वर्तमान में ये जिम्मेदारी निभार रहे अफसर
इसमे सीनियर सचिव और राज्य में शहरी विकास, परिवहन विभाग संभाल रहे आईएएस शैलेश बगोली और महाकुंभ 2021 की जिम्मेदारी संभाल रहे आईपीएस संजय गुंज्याल को बतौर नोडल अधिकारी के रुप में नामित किया गया है। इनके साथ दो अधिकारी गढ़वाल और दो कुमाऊं में नियुक्त किए हैं। गढ़वाल में एसपी ट्रैफिक, जीएम परिवहन तथा कुमाऊं में एसपी ट्रैफिक और नगर मजिस्ट्रेट को पास जारी करने की जिम्मेदारी दी गई है।