
77th Republic Day: आज भारत अपना 77वां गणत्रंत दिवस मना रहा है। ऐसे में इस मौके पर दुनियाभर से शुभकामना संदेश आ रहे हैं। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी भारत को बधाई संदेश भेजा है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका की तरफ से मैं भारत के लोगो को उनके गणतंत्र दिवस पर हार्दिक बधाई देता हूं।
77वें गणत्रंत दिवस पर दुनियाभर से भारत को आ रहे शुभकामना संदेश Republic Day 2026
उन्होंने आगे कहा कि दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंध हैं। रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और उभरती प्रौद्योगिकियों पर हमारे घनिष्ठ सहयोग से लेक क्वाड के जरिये हमारी बहुआयामी भागीदारी तक अमेरिका-भारत संबंध हमारे दोनों देशों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए वास्तविक परिणाम देते हैं।’ उन्होंने भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के समूह का जिक्र करते हुए यह बात कही। सिर्फ यही नहीं, उन्होंने आने वाले सालों में अपने साझा उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करने की उत्सुकता जाहिर की।
दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो ने दी बधाई
दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो ने लिखा, “गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं, भारत! अमेरिका भारत के लोगों के साथ मिलकर आपके देश के संविधान को अपनाने का जश्न मना रहा है। हम यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि दुनिया के दो सबसे बड़े और जीवंत लोकतंत्र आने वाले साल में मिलकर क्या हासिल करेंगे।”
EU-भारत पार्टनरशिप का जश्न मना रहे- एंटोनियो कोस्टा
भारत पहुंचने के बाद एंटोनियो कोस्टा ने X पर लिखा, “भारत के 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 16वें #EUIndia समिट के लिए नई दिल्ली आकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। ट्रेड और सिक्योरिटी से लेकर क्लीन ट्रांजिशन और मजबूत लोगों के बीच संबंधों तक, एक मजबूत और बढ़ती EU-भारत पार्टनरशिप का जश्न मना रहे हैं।”
पीएम मोदी ने दी गणतंत्र दिवस की शुभकामना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई। भारत की आन-बान और शान का प्रतीक यह राष्ट्रीय महापर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। विकसित भारत का संकल्प और अधिक सुदृढ़ हो, यही कामना है।”
राहुल गांधी ने भी लिखा ये
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारा संविधान हर भारतीय का सबसे बड़ा हथियार है – यही हमारी आवाज है, हमारे अधिकारों का सुरक्षा-कवच। इसी की मज़बूत नींव पर हमारा गणतंत्र खड़ा है जो समानता और सौहार्द से ही सशक्त होगा। संविधान की रक्षा ही, भारतीय गणतंत्र की रक्षा है- हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को सच्ची श्रद्धांजलि है। जय हिंद! जय संविधान!”