विमान में यात्रियों के हंगामा करने और क्रू मेंबर्स पर अटैक करने का एक और मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार फ्लाइट में हो रही देरी के कारण नाराज एक शख्स ने पायलट पर ही हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रविवार की शाम 7.00 बजे फ्लाइट 6E 2175 दिल्ली से गोवा जाने की तैयारी कर रही थी। इस आरोपी की पहचान साहिल कटारिया के रुप में हुई है। यात्री को विमान से उतारकर पुलिस के हवाले कर दिया गया और घटना को लेकर पुलिस ने व्यक्ति पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दिल्ली से गोवा जाने वाली फ्लाइट के पायलट को एक युवक ने थप्पड़ मार दिया। फ्लाइट को सुबह 7.40 पर उड़ान भरनी थी लेकिन कोहरे के कारण फ्लाइट के टेकऑफ में करीब 13 घंटे की देरी हुई। वीडियो में देखा जा सकता है कि पायलट यात्रियों को कुछ जानकारी देने की कोशिश कर रहा हैं, तभी कई लोग पायलट की बातों को सुनने को तैयार नहीं है। एक व्यक्ति कहता है, आप झूठ बोल रहे हैं। इतनी देर में पीले रंग का हुडी पहना हुआ व्यक्ति तेजी से पायलट की तरफ बढ़ता है और उसे थप्पड़ जड़ देता है। उसने पायलट से कहा चलता है तो चलो वरना गेट खोल दो। वहीं तुरंत वहां खड़ी एयरहोस्टेस पेनिक हो गई और उसने कहा कि सर, ये गलत है। आप ऐसा नहीं कर सकते।
इंडिगो ने किया केस दर्ज
घटना के बाद फ्लाइट में मौजूद लोगों ने भी पैसेंजर का विरोध किया। इसके बाद उसे विमान से बाहर कर सुरक्षाबलों को सौंप दिया गया। पैसेंजर की पहचान साहिल कटारिया के रुप में हुई है। इंडिगो ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
साहिल ने हाथ जोड़कर कहा सॉरी
हालांकि सीआईएसएफ ने लीगल कार्रवाई के बाद करीब 5 बजे साहिल को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया। इसी दौरान एक शख्स उसका वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। जिसके पास आखर साहिल ने हाथ जोड़कर कहा सॉरी सर, वहीं वीडियो बनाने वाले शख्स ने भी उसे जवाब देते हुए कहा नो सॉरी।
पायलट को ठहराया जिम्मेदार
वहीं इस घटना की रूसी यात्री ने निंदा की है। उनका कहना है कि स्थिति को बिगाड़ने के लिए कहीं न कही पायलट भी दोषी है। लेकिन पायलट को मारना गलत है। इसकी निंदा आवश्यक है। लेकिन पायलट देरी के लिए यात्रियों को दोष दे रहा था, ये भी गलत है। इससे स्थिति बिगड़ गई और बात मारपीट तक पहुंच गई।
नो-फ्लाई सूची में डालने पर विचार
इस बीच इंडिगो एयरलाइंस ने मामले को सुलझाने के लिए सोमवार को एक आंतरिक समिति का गठन किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी साहिल को नो-फ्लाई सूची में डाला जा सकता है। समिति साहिल कटारिया को अनियंत्रित व्यवहार की श्रेणी के तहत ‘नो फ्लाई लिस्ट’ में डालने पर चर्चा करेगी.