उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की भराड़ीसैंण विधानसभा में तीन दिवसीय मानसून सत्र का आज आगाज हुआ। शाम पांच बजे के बाद सदन के पटल पर तीन अध्यादेश रखे गए। जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने गुरुवार 11 बजे तक के लिए सदन की कार्रवाई स्थगित कर दी है।
सदन के पटल पर रखे गए तीन अध्यादेश
सदन में दिवंगत केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत और चंपावत के पूर्व विधायक और वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी को श्रद्धांजलि देने के साथ ही सदन की कार्रवाई शुरू की। सदन में शाम पांच बजे बाद तीन अध्यादेश रखे गए। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड लोक तथा निजी संपत्ति क्षति वसूली अध्यादेश 2024, शहरी विकास मंत्री ने उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम 1959) संशोधन अध्यादेश 2024 और शहरी विकास मंत्री ने उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1916) संशोधन अध्यादेश 2024 को भी सदन के पटल पर रखा गया।
गुरुवार 11 बजे तक सदन की कार्रवाई स्थगित
सदन में तीन अध्यादेश पेश करने करने के बाद सदन की कार्रवाई को गुरुवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। बता दें कि तीन दिवसीय सत्र के दौरान धामी सरकार पांच हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पेश करेगी। जहां एक ओर विपक्ष सदन के अंदर और बाहर सरकार को घेरने के लिए तैयार है। तो वहीं सत्ता पक्ष ने जवाब देने के लिए रणनीति बनाई है।
डेढ़ साल बाद गैरसैंण लौटी सरकार
बता दें कि गैरसैंण स्थित विधानसभा भवन में पहली बार मानसून सीजन में सत्र आयोजित हो रहा है। इस बार लगभग डेढ़ साल बाद सरकार पहाड़ स्थिति ग्रीष्मकालीन राजधानी पहुंची है। लंबे समय बाद सरकार के यहां तीन दिन के लिए पहुंचने से गैरसैंण में रौनक लौट आई है। हालांकि विपक्ष सत्र की की कम अवधि को लेकर सवाल उठा रही है। इसके साथ ही सत्र की अवधि को बढ़ाने की मांग कर रही है।