पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारी तेज, गणेश जोशी ने किया अद्वैत आश्रम का निरीक्षण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारी तेज हो गई है। बुधवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने लोहाघाट पहुंचकर अद्वैत आश्रम का निरीक्षण मायावती का निरिक्षण किया।
गणेश जोशी ने किया अद्वैत आश्रम का निरीक्षण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 11 व 12 अक्टूबर को उत्तराखंड के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए भाजपा तैयारियों में जुट गई है। इसी क्रम में गणेश जोशी ने पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर लोहाघाट में अद्वैत आश्रम मायावती का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीएम के आगमन से सम्बंधित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
स्वामी विवेकानंद की यादों और विचारों का केंद्र है आश्रम : जोशी
कैबिनेट मंत्री ने कहा की यह स्थान बहुत ही रमणीक है। यहां पर स्वामी विवेकानंद ने मेडिटेशन किया था। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी अगर यहां आएंगे तो निश्चित ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यहां से एक अलग ऊर्जा मिलेगी।
यह आश्रम स्वामी विवेकानंद की यादों और विचारों का केंद्र बिंदु है। जोशी ने कहा स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन को समझने और उनके बताये हुए मार्ग के बारे में जानने की तमन्ना रखने वालों के लिए अद्वैत आश्रम मायावती एक अद्भुत स्थान है।
एकांतवास के लिए प्रसिद्ध है अद्वैत आश्रम
विदित हो कि मायावती आश्रम अपनी नैसर्गिक सौन्दर्य और एकांतवास के लिए प्रसिद्ध है। बुरांस, देवदार, बांज और चीड आदि के जंगलों के बीच बसा यह आश्रम ना सिर्फ उत्तराखंड बल्कि देश और विदेश के अनेकों शांति और सौन्दर्य प्रेमी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है।