देेहरादून: खूनी फ्लाईओवर के नाम से बदनाम हो चुके बल्लीवाला फ्लाईओवर को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी बल्लीवाला के खूनी फ्लाईओवर का निरीक्षण किया था। उसके बाद से राजनीतिक संग्राम शुरू हो गया था, जो अब चरम पर है।
फ्लाईओवर को लेकर आज मामला फिर गरमा गया। दरअसल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और कैंट विधायक हरबंश कपूर ने कांग्रेस की तत्कालीन सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस सरकार को फ्लाईओवर 4 लेन बनाने का सुझाव दिया था। उसके लिए बाकायदा ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन सरकार ने उनकी बात को नजरअंदाज कर 2 लेन का फ्लाईओवर बना दिया।
हरबंश कपूर यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि जितना खर्च 4 लेन के फ्लाईओवर पर होना था। कांग्रेस सरकार ने उतने ही बजट में दो लेन के फ्लाईओवर का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि अब तक इस फ्लाईओवर पर 13 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि कई लोग घायल हो चुके हैं।
हरबंश कपूर के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस प्रदेश महासचिव नवीन जोशी ने आरोप लगाया कि हरबंश कपूर पूरी तरह झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाए कि जिस वक्त फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। तब उनके कुछ चहेतों की दुकानें इसकी चपेट में आ रही थी। जिसका उन्होंने विरोध किया था। कांग्रेस ने फ्लाईओवर की खामियों और हादसों के लिए भाजपा को ही जिम्मेदार ठहरा दिया।