
रुद्रपुर में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला पर पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने पर महिला कांग्रेस की कार्यकत्रियों ने राजधानी देहरादून में पुलिस-प्रशासन का पुतला दहन कर ज़ोरदार नारेबाज़ी की।
महिला कांग्रेस ने पुलिस-प्रशासन का पुतला किया दहन
मंगलवार को रूद्रपुर में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस द्वारा उन्हें रोका गया था। महिला कांग्रेस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किए जाने के आरोप लगाए हैं। जिसके विरोध में आज महिला कांग्रेस ने राजधानी देहरादून में प्रदर्शन किया।
डबल इंजन सरकार ने महिला सुरक्षा को लेकर नहीं उठाए ठोस कदम
महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल ने कहा कि जिस उत्तराखंड को देवभूमि कहा जाता है। वहां पर महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और भाजपा की डबल इंजन सरकार ने महिला सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ज्योति रौतेला के साथ रुद्रपुर में पुरुष पुलिसकर्मियों ने जो बर्बरता की है वो निंदनीय है। वहां महिला पुलिसकर्मी देर में पहुंची और अगर मुख्यमंत्री द्वारा उन पुलिसकर्मियों को बर्खास्त नहीं किया गया तो महिला कांग्रेस पूरे उत्तराखंड में सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
भाजपा सरकार के कार्यकाल में पूरे समाज में फैल गई गंध
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पूरे समाज में गंध फैल गई है। बलात्कार की घटना आए दिन सामने आ रही हैं। सरकार और महिला आयोग पूरी तरह से मौन है। महिला आयोग की अध्यक्ष भी कहीं भी पीड़ितों से मिलने नहीं पहुंचती।
कांग्रेस संगठन पिछले कई दिनों से मामले की जांच को लेकर काम कर रहा था। लेकिन जिस तरह से महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला पर पुरुष पुलिस कर्मियों द्वारा उन्हें डंडों से रोका गया और उनके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया गया ये घोर निंदनीय है।