Big NewsNainital

हल्द्वानी हिंसा : पूछताछ में कहानियां गढ़ रहा मलिक, साक्ष्य जुटाने के लिए अन्य राज्य में ले जाने की तैयारी

हल्द्वानी के बनभूलपुरा में हुई हिंसा के मुख्य आरोपी अब्दुल मलिक पुलिस की रिमांड में है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। लेकिन आरोपी अभी भी अपने बयान बदल रहा है।

साक्ष्य जुटाने के लिए अन्य राज्य में ले जाने की तैयारी

मिली जानकारी के मुताबिक बीते मंगलवार को पुलिस ने अब्दुल मलिक को उपद्रव की कई वीडियो फुटेज दिखाईं। उसे कई जगह लेकर भी गई। लेकिन आरोपी अभी भी पूछताछ में कहानियां गढ़ रहा है। जल्द ही पुलिस अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए मलिक को अन्य राज्य ले जा सकती है।

पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर रहा आरोपी

पूछताछ में पुलिस ने अब्दुल मलिक से हिंसा, उसकी संपत्ति, और उसके फरार चल रहे बेटे अब्दुल मोईद और पत्नी साफिया को लेकर पूछताछ की। गिरफ्तारी के बाद मलिक ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कई कहानियां सुनाईं। हिंसा मामले की पूछताछ के लिए मलिक को हिंसाग्रस्त क्षेत्र में ही ले जाया गया।

हिंसा के दिन हल्द्वानी में नहीं था मौजूद : मलिक

अब्दुल मलिक से उपद्रव को लेकर सवाल किए गए तो मलिक बार-बार नई कहानियां सुनाता रहा। मलिक ने उपद्रव के दिन अपनी उपस्थिति हल्द्वानी में न होना बताया। इसे साबित करने के लिए उसने पुलिस के सामने कई तथ्य भी रखे। बताया जा रहा है पुलिस इन तथ्यों की पुष्टि करने के लिए जल्द ही मलिक को देहरादून, दिल्ली सहित अन्य राज्यों में ले जा सकती है। जहां से पुलिस सबूत जुटाएगी।

जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर होगी कार्रवाई : SSP

जानकारी के अनुसार मामले को लेकर एसएसपी प्रहलाद मीणा ने बताया कि मलिक को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। कई अहम बातें सामने आ रही हैं। हिंसा से जुड़े कई सवालों को लेकर पूछताछ की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button