पिथौरागढ़ में बड़ा टनल हादसा!, धारचूला में लैंडस्लाइड, 11 लोग अभी भी फंसे, रेस्क्यू जारी

पिथौरागढ़ से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। धारचूला में एनटीपीसी के पावर हाउस के टनल के पास लैंडस्लाइड हुई है। लैंडस्लाइड होने से एनटीपीसी के 19 कर्मचारी फंसे थे। रेस्क्यू ऑपरेशन में अब तक आठ कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। तो वहीं 11 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। डीएम पिथौरागढ़ विनोद गोस्वामी ने इस बात की जानकारी दी है।
पिथौरागढ़ में बड़ा हादसा!, धारचूला में लैंडस्लाइड
पिथौरागढ़ के धारचूला में ऐलागाड़ स्थित भूमिगत एनएचपीसी पावर हाउस की टनल के पास भूस्खलन की घटना हुई। जिसमें भारी मात्रा में मलबा और पत्थर जमा हो जाने से टनल का मार्ग बंद हो गया। इस दौरान टनल के भीतर कार्य कर रहें 19 कर्मचारी फंसे हुए थे।
आठ कर्मियों को सुरक्षित किया गया रेस्क्यू
पिथौरागढ़ जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने बताया कि जिला प्रशासन और बी.आर.ओ. की तत्परता से राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। सुरंग के मुहाने से मलबा हटाया जा रहा है। साथ ही इमरजेंसी शाफ्ट एरिया को भी निरंतर साफ किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक आठ कार्मिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। तो वहीं 11 बचे हुए कार्मिक भी सुरक्षित है। प्रशासन निरंतर संपर्क में बना हुआ है। जिला प्रशासन, बी.आर.ओ., एनएचपीसी, एनडीआरएफ, सीआईएसएफ और अन्य बचाव दल निरंतर संयुक्त प्रयास कर रहे हैं।