Big NewsDehradun

न्यू ईयर की रात दून में दहशत: वाहन चालकों पर हमला करने वाला गिरोह गिरफ्तार, दो किशोर भी शामिल

देहरादून में बढ़ते अपराध पर सख्ती दिखाते हुए दून पुलिस ने वाहन चालकों पर जानलेवा हमले की दो गंभीर घटनाओं का खुलासा कर दिया है। लूट के इरादे से की गई इन वारदातों में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, पुलिस के अनुसार इनमें से तीन किशोर हैं। जिन्हें पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

भजन गायक दीपक कुमार पर किया था हमला

पहली घटना 31 दिसंबर 2025 की रात की है। भजन गायक दीपक कुमार निवासी, भंडारी बाग देहरादून अपने साथियों के साथ टीएचडीसी टिहरी से देहरादून लौट रहे थे। जब उनका कार थानो रोड से पहले जंगल क्षेत्र में पहुंचा, तभी कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने हॉकी और डंडों से उनके वाहन पर हमला कर दिया। किसी तरह उन्होंने गाड़ी को दौड़ा कर अपनी जान बचाई। मामले को लेकर दीपक कुमार ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।

एयरपोर्ट की तरह जा रहे शख्स पर हमला

वहीं दूसरी घटना 31 दिसंबर और 1 जनवरी की दरम्यानी रात की है। मंजीत सिंह राठौर निवासी श्यामपुर ऋषिकेश, थानो रोड से एयरपोर्ट की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार युवकों ने उनके साथ गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद अज्ञात आरोपियों ने उनकी कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। किसी तरह राठौर भी जान बचार वहां से निकले और डोईवाला कोतवाली में मामले की तहरीर दी।

CCTV की मदद से किया 4 को गिरफ्तार

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने रायपुर, थानो और ऋषिकेश रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मैन्युअल सुरागरसी की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 2 जनवरी को चेकिंग के दौरान रायपुर स्टेडियम मार्ग से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल होने वाली स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है।

लूट के इरादे से की थी कार में तोड़फोड़

तलाशी के दौरान वाहन से तीन बेसबॉल डंडे, दो खुखरी, एक नकली पिस्टल और एक रिफ्लेक्टर पिलर भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लूट के इरादे से दोनों वाहनों को रोककर हमला किया था, लेकिन वाहन चालकों द्वारा मौके से वाहन भगा ले जाने के कारण वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। पूछताछ में दो अन्य आरोपियों धीरज और सागर के नाम भी सामने आए हैं, जो घटनास्थल के आगे-पीछे रहकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

आरोपियों का विवरण

गिरफ्तार अभियुक्तों में पारस निवासी नंद कॉलोनी नत्थूवाला, साहिल राणा निवासी बालावाला रायपुर, प्रियांशू राणा निवासी सोड़ा सरोली और अमन उर्फ एमी निवासी कृष्ण विहार रायपुर शामिल हैं। सभी अभियुक्तों की उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच बताई गई है।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button