
नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में बुधवार देर रात बड़ा अग्निकांड हो गया। मोहन को चौराहे पर स्थित ऐतिहासिक ओल्ड लंदन हाउस (निर्मित वर्ष 1863) की ऊपरी मंजिल में अचानक भीषण आग (Fire at Old London House) भड़क उठी। हादसे में एक महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई।
नैनीताल के ओल्ड लंदन हाउस में भीषण आग
घटना बुधवार रात करीब 10 बजे के आसपास की है। आग की लपटे देख स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अंदर फंसे कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने आसपास की दुकानों और घरों को खाली कराया और एहतियातन इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करा दी।
वरिष्ठ इतिहासकार प्रो. अजय रावत की बहन की जिंदा जलकर मौत
बता दें मरने वाली महिला वरिष्ठ इतिहासकार प्रो. अजय रावत की बहन शांता बिष्ट (86) थी। जानकारी के अनुसार शांता अपने बेटे निखिल के साथ इसी भवन में रहती थी। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद रात 12:30 बजे आग पर काबू पाया जा सका। दमकल कर्मियों ने महिला का शव बरामद कर लिया है।

आग लगने की वजह आई सामने
प्रथमदृष्टया आग लगने की वजह शार्टसर्किट बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार घर में वेल्डिंग का काम चल रहा था। जिसके चलते चिंगारी भड़कने से आग फैल गई। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है।