एमएस गैलेक्सी हॉस्पिटल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 324 मरीजों ने उठाया लाभ, MLA ने किया शुभारंभ

एमएस गैलेक्सी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में 4 जनवरी 2026 को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन अस्पताल के संस्थापक डॉ महेश कुड़ियाल एवं डॉ सुमिता प्रभाकर द्वारा किया गया। शिविर में देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों से आए 324 मरीजों ने भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
एक्स-रे ओर पैथोलॉजी जांच जैसी सुविधाएं कराई मरीजों को उपलब्ध
शिविर में मरीजों को न केवल निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया, बल्कि आवश्यक दवाइयां एवं जांच सुविधाएं भी रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं। साथ ही शिविर में सीटी स्कैन, एक्स-रे तथा पैथोलॉजी जैसी जांच सुविधाएं भी मरीजों को उपलब्ध कराई गईं, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिली।
विधायक विनोद चमोली ने किया शिविर का शुभारंभ
शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक विनोद चमोली द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम विशेष रूप से स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार होते रहने चाहिए। उन्होंने आम जनता को सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
शिविर में इन चिकित्सकों ने दी अपनी सेवा
शिविर में एमएस गैलेक्सी हॉस्पिटल में कार्यरत विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें न्यूरोसर्जरी के लिए डॉ महेश कुड़ियाल, महिला रोगों के लिए डॉ सुमिता प्रभाकर, रेडियोलॉजी परामर्श के लिए डॉ नंदिनी द्विवेदी, पेट संबंधी रोगों के लिए डॉ दीपक पुरोहित, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ रोहन रात्रा, सामान्य रोगों के लिए डॉ अभिनव नैथानी, जनरल सर्जरी के लिए डॉ रोहित अरोड़ा ओर बच्चों की बीमारियों के लिए डॉ निखिलेश माथुर शामिल रहे। इसके अतिरिक्त डॉ शशेन्द्र सक्सेना, डॉ प्रवीण जिंदल एवं डॉ चरितेश गुप्ता ने भी शिविर में सहयोग प्रदान किया।