Sportshighlight

MI vs CSK : Rohit Sharma ने बल्ले से ट्रोलर्स को दिया जवाब, रचा इतिहास

IPL 2025 में अब तक शांत नज़र आ रहे रोहित शर्मा(Rohit Sharma) ने रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि दर्शक भी झूम उठे। जो खिलाड़ी सीज़न की शुरुआत से ही फॉर्म की तलाश में भटक रहा था। उसने आखिरकार चेन्नई सुपर किंग्स(MI vs CSK) के खिलाफ जोरदार वापसी की और आलोचकों को करारा जवाब दे दिया।

रोहित शर्मा बल्ले से निकला तूफान

मुंबई इंडियंस के इस अनुभवी बल्लेबाज़ ने सीज़न की पहली फिफ्टी ठोकी और वो भी किस अंदाज़ में! 45 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाकर रोहित ने ना सिर्फ अपनी टीम को मज़बूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि ये भी साबित कर दिया कि अभी उनमें बहुत क्रिकेट बाकी है। इस पारी में उन्होंने चार चौके और छह छक्के लगाए, और मैदान के हर कोने में बॉल पहुंचाई।

ये भी पढ़े:- मुंबई या फिर चेन्नई, वानखेड़े में किसका चलेगा सिक्का? जानें MI vs CSK Pitch Report

IPL 2025 में रोहित का अब तक का प्रदर्शन

रोहित ने इस सीज़न के 7 मैचों की 7 पारियों में 158 रन बनाए हैं और फिलहाल ऑरेंज कैप की रेस में 37वें नंबर पर हैं। उन्होंने अब तक 10 चौके और 12 छक्के जड़े हैं। यानी फॉर्म धीरे-धीरे वापस आ रहा है — और यही बात मुंबई के फैंस को सबसे ज़्यादा सुकून दे रही है।

MI vs CSK में सूर्यकुमार यादव भी छाए

इस मैच में रोहित के साथ सूर्यकुमार यादव की तूफानी बल्लेबाज़ी ने भी कमाल कर दिया। दोनों ने मिलकर वानखेड़े को रंगीन बना दिया और मुंबई इंडियंस को घरेलू मैदान पर CSK के खिलाफ शानदार जीत दिला दी।

पहले बल्लेबाज़ी में चेन्नई ने किया संघर्ष

टॉस जीतकर मुंबई ने पहले गेंदबाज़ी चुनी। चेन्नई की शुरुआत लड़खड़ाई और 63 रन तक तीन विकेट गिर चुके थे। लेकिन फिर जडेजा (नाबाद 53 रन) और शिवम दुबे (50 रन) ने पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर 79 रन की साझेदारी कर टीम को 176 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

जडेजा ने 35 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के लगाए, वहीं शिवम दुबे ने 32 गेंदों में 2 चौकों और 4 छक्कों के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया।

बुमराह ने धोनी को किया चलता

मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह ने एक बड़ा विकेट लिया और वो भी एमएस धोनी का। बुमराह की फुल टॉस गेंद को धोनी ने फ्लिक करने की कोशिश की, लेकिन तिलक वर्मा ने शानदार डाइव लगाकर कैच पकड़ लिया।

रोहित ने रचा इतिहास

इस मैच में धमाकेदार पारी के साथ रोहित ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने शिखर धवन को पीछे छोड़ते हुए IPL इतिहास में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है।

  • विराट कोहली – 8326 रन
  • रोहित शर्मा – 6786 रन
  • शिखर धवन – 6769 रन

रोहित 2008 से ही IPL का हिस्सा हैं। उन्होंने अब तक 259 पारियों में 29.63 की औसत से 6786 रन बनाए हैं।

Uma Kothari

उत्तराखंड की डिजिटल मीडिया से जुड़ी युवा पत्रकार उमा कोठारी इस समय खबर उत्तराखंड.कॉम के साथ काम कर रही हैं। उमा अलग-अलग बीट पर खबरें लिखती हैं, जिनमें देश-दुनिया की राजनीतिक गतिविधियों की अहम खबरें, मनोरंजन, खेल और ट्रेंड से जुड़ी अपडेट शामिल हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करते हुए वे ट्रेंड और तथ्य दोनों का संतुलन बनाए रखती हैं, ताकि पाठकों तक सही और ज़रूरी जानकारी पहुंचे।
Back to top button