योग और जनसहभागिता का संगम बना सिटी फॉरेस्ट पार्क, एक हजार से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योग

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित सिटी फॉरेस्ट पार्क में योग, स्वास्थ्य और प्रकृति का अनूठा संगम देखने को मिला। MDDA द्वारा आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन शामिल हुए।
योग, प्रकृति और जनसहभागिता का संगम बना सिटी फॉरेस्ट पार्क
सुबह की ताजा हवा, हरियाली से घिरे वातावरण और शांत प्राकृतिक परिवेश के बीच आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम के अंत में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
योग भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है: CS
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और आज करोड़ों लोग इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना चुके हैं। उन्होंने लोगों से योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
योग स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावी माध्यम है: तिवारी
MDDA के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड सदियों से योग, तप और आध्यात्मिक साधना की भूमि रहा है। राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावी माध्यम है।
CS ने किया सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद मुख्य सचिव ने सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण भी किया। उन्होंने पार्क में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन फीडबैक सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि आगंतुक सीधे अपनी राय और सुझाव दर्ज करा सकें। उन्होंने पार्क की स्वच्छता, हरित वातावरण और आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे शहरी जीवन के बीच प्रकृति से जुड़ने का उत्कृष्ट माध्यम बताया।