ऋषिकेश। गंगा रिजॉर्ट में चल रहे अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में आज मशहूर संगीत निर्देशक आनंद राज आनंद पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने बताया कि उत्तराखंड से उन्हें काफी लगाव है। यही कारण है कि वे यहां आते रहते हैं। उन्होंने यहां आकर 6 गाने भी लिखे हैं, जो जल्द ही उनके चाहने वालों को सुनने को मिलेंगे।
उत्तराखंड आकर मिलती मानसिक शांति
मशहूर संगीत निर्देशक आनंद राज अपने परिवार के साथ ऋषिकेश में लगभग 2 दिनों से हैं। अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में आनंद राज की बेटी खुशी आनंद ने भी बीटल्स महोत्सव के दौरान अपनी प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। आनंद राज ने बताया कि उत्तराखंड आना उनको इसलिए पसंद है क्योंकि यहां आकर उनको मानसिक शांति मिलती है।
उन्होंने कहा कि जो लोग शहर में भाग-दौड़ भरी जिंदगी जीते हैं। उन सभी लोगों को यहां आना चाहिए क्योंकि यहां योग मेडिटेशन के साथ स्पा, ब्यूटी और अध्यात्म का बराबर मेल देखने को मिलता है। यही कारण है कि मैं खुद यहां समय-समय पर आता रहता हूं।
आनंद राज एक मशहूर संगीत निर्देशक हैं। आनंद राज ने कई बॉलीवुड सुपरहिट फिल्मों में अपना संगीत दिया है।