पिथौरागढ़़: पिथौरागढ़ के खतीगांव के जंगल में घास लेने गई महिलाओं में से एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। महिला पर तेंदुए के झपटते ही साथ गई अन्य महिलाओं ने तेंदुए पर ही हमला बोल दिया और अपनी साथी महिला की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार रोजाना की तरह महिलाएं जंगल में चारा लेने गई थी। सभी चारा काटने लगीं। इस दौरान पुष्पा देवी पर पीछे से तेंदुए ने हमला कर दिया। पुष्पा जमीन पर गिर गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और तेंदुए से खुद को अचाने के लिए तेंदुए पर वार करती रही। इस बीच कुंती देवी और ललिता देवी भी दरांती और लकड़ी लेकर तेंदुए पर टूट पड़ीं।
बताया जा रहा है कि करीब 10 मिनट तक संघर्ष करके तेंदुए को वहां से भागने पर मजबूर होना पड़ा। इसके बाद सभी ने मिलकर पुष्पा को सड़क तक पहुंचाया। वहां से पहले प्राइवेट वाहन और फिर 108 से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। महिलाओं की बहादुरी की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।