देहरादून: देहरादून जिले का क्षेत्रफल काफी अधिक है। साथ देहरादून शहर भी लगातार विस्तारित हो रहा है। स्मार्ट सिटी का काम भी तेजी से चल रहा है। इससे जिले कानून व्यवस्था में बदलाव किये जाने की तैयारी चल रही है। शासन में इसका प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है। माना जा रहा है कि देहरादून जिले को ईस्ट और वेस्ट जोन में बांटा जाएगा। इतना ही नहीं जिले में एक नहीं, बल्कि दो-दो एसपी होंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस कार्यों में संतुलन बनाने को लेकर नए सिरे से जिले का विभाजन का प्रस्ताव है। अब शहर और देहात की जगह एसपी ईस्ट और एसपी वेस्ट लेंगे। शहर के थानों का बंटवारा कर एसपी ईस्ट शहर से ऋषिकेश और एसपी वेस्ट शहर के विकासनगर तक कार्य क्षेत्र रहेगा। बंटवारे पर शासन ने सहमति भी दे दी है। नये प्रस्ताव के तहत जनपद पुलिस के कार्य क्षेत्र में बंटवारे की एक लाइन खींची गई है, जिसमें आधा जनपद एसपी ईस्ट और आधा एसपी वेस्ट के हवाले किया जाएगा।
बंटवारे की यह लाइन शहर कोतवाली को मध्य मानकर की गई है। एसपी ईस्ट के पर्यवेक्षण शहर कोतवाली, डालनवाला, रायपुर, नेहरू कालोनी, पटेलनगर, डोईवाला, रानी पोखरी, रायवाला और ऋषिकेश का प्रस्ताव है। एसपी वेस्ट के हवाले कैंट कोतवाली, प्रेमनगर, वसंत विहार, सेलाकुई, सहसपुर, विकासनगर, चकराता और त्यूणी थाने किए गए हैं। दो थानों मसूरी और राजपुर को लेकर अंतिम फैसला होना बाकी है।