खनन से लदे डंपर ने बाइक सवार को कुचला, दर्दनाक मौत, भीड़ ने वाहन को किया आग के हवाले

उधम सिंह नगर से हादसे की खबर सामने आ रह है। काशीपुर के कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ढकिया नंबर एक में आज सुबह उस वक्त चीख-पुकार और दहशत का माहौल पैदा हो गया जब खनन सामग्री से लदे एक अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
खनन से लदे डंपर ने बाइक सवार को कुचला
हादसा सोमवार सुबह करीब 8 बजे का है। ढकिया नंबर एक के पास एक खनन से लदे डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की पहचान जयपाल के रूप में हुई है। क्षेत्र में हुई इस हृदय विदारक हादसे ने स्थानीय लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया और देखते ही देखते शांतिपूर्ण इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
भीड़ ने वाहन को किया आग के हवाले
हादसे के बाद जहां एक ओर मृतक के परिवार में मातम पसरा था, वहीं दूसरी ओर उग्र हुई भीड़ ने संवेदनशीलता को ताक पर रखकर कानून अपने हाथ में ले लिया और डंपर को आग के हवाले कर दिया। हालांकि सड़क पर दौड़ते मौत के इन सौदागरों के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा स्वाभाविक था, लेकिन इंसाफ की आड़ में की गई यह आगजनी और अराजकता समाज के लिए एक गंभीर प्रश्न छोड़ गई है।
ये भी पढ़ें: Dehradun Road Accident: खनन से भरे ट्रैक्टर ने युवक को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत
क्षेत्र में पसरा सन्नाटा
भीड़ द्वारा इस तरह हिंसक होकर कानून को चुनौती देना और सार्वजनिक व्यवस्था को भंग करना किसी भी दृष्टि से न्यायसंगत नहीं ठहराया जा सकता, क्योंकि ऐसी उग्रता अक्सर असल मुद्दे से ध्यान भटकाकर निर्दोषों के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर देती है। फिलहाल, धधकती लपटों और पुलिस की गहमागहमी के बीच क्षेत्र में तनावपूर्ण सन्नाटा पसरा हुआ है और प्रशासन स्थिति को काबू करने में जुटा है।