Big NewsDehradun

कांवड़िए के लिए फरिश्ते बने जल पुलिस के जवान, गंगा में डूबने से बचाया

बारिश के कारण प्रदेश के नदी-नाले उफान पर हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ता ही जा रहा है। ऐसे में नाले पार करते हुए या नहाते हुए बहने की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक मामला ऋषिकेश से सामने आया है। जहां गंगा में डूब रहे कांवड़ यात्री के लिए जल पुलिस देवदूत बनी।

जल पुलिस ने बचाई गंगा में डूब रहे कांवड़िए की जान

बुधवार को दोपहर को दिल्ली से कांवड़ लेने आया एक यात्री त्रिवेणी घाट पर अचानक से गंगा के तेज बहाव में बह गया। इस बात की जानकारी जल पुलिस को मिली।

जल पुलिस इस व्यक्ति के लिए देवदूत बनकर आई। जल पुलिस के जवानों ने अपनी जान जोखिम में डाल कर कांवड़िए को गंगा में डूबने से बचा लिया और सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया।

गंगा में नहाने के दौरान बहा कांवड़िया

मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली से कुछ कांवड़िए जल चढ़ाने के लिए आए थे। इसमें गोकुलपुरी दिल्ली निवासी रामप्रकाश (45 वर्ष) भी अपने साथियों के साथ महादेव को जल चढ़ाने के लिए आया था।

बुधवार को त्रिवेणी घाट पर सभी कांवड़िए स्नान कर रहे थे। इसी दौरान रामप्रकाश पानी के तेज बहाव में बह गया। वो पानी के तेज बहाव में करीब 50 मीटर दूर तक बह गया।

जल पुलिस के जवान बने देवदूत

गंगा में डूबते कांवड़िए के लिए जल पुलिस के जवान देवदूत बनकर आए। जल पुलिस के जवान विनोद सेमवाल, हरीश गुसाईं, अनूप चंदोला, मनीष कुमार अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा में लाइफ जैकेट लेकर कूदे। जिसके बाद कांवड़िए को सकुशल रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया।

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button