National

जगन्नाथ मंदिर के प्रसाद की होगी जांच, तिरुपति विवाद के बाद लिया गया फैसला

ओडिशा सरकार ने मंगलवार को पुरी के जगन्नाथ मंदिर में प्रसाद तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले घी की गुणवत्ता की जांच करने का फैसला किया है। आंध्र प्रदेश के तिरुमाला मंदिर में लड्डू तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले घी में पशु वसा के कथित इस्तेमाल को लेकर विवाद के बीच यह फैसला लिया गया है।

ओमफेड के घी की होगी जांच

पुरी के जिला कलेक्टर सिद्धार्थ शंकर ने बताया कि यहां इस तरह को कोई आरोप नहीं लगे हैं, लेकिन प्रशासन 12वीं सदी के मंदिर में कोठा भोग और बराडी भोग तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे घी की गुणवत्ता की जांच करेगा। उन्होनें कहा कि राज्य संचालित ओडिशा मिल्क फेडरेशन पुरी मंदिर में इस्तेमाल के लिए घी का एकमात्र आपूर्तिकर्ता है। उन्होनें बताया कि मिलावट की किसी भी आशंका को दूर करने के लिए ओमफेड की ओर से आपूर्ति किए जा रहे घी के मानक की जांच करने का फैसला लिया गया है। ओमफेड के साथ-साथ मंदिर के उन सेवकों से भी बात की जाएगी, जो प्रसाद तैयार करते हैं।

Back to top button