रामनगर : व्यापार मंडल चुनावों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व कम ही नजर आता है। लेकिन, प्रांतिय उद्योग व्यापार मंडल रामनगर ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिसकी लोग तारीफ कर रहे हैं। कार्यकारिणी बैठक में तय किया गया कि संगठन के चुनाव में दो पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर व्यापारी संगठनों में महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिलेगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी राकेश अग्रवाल ने बताया कि आठ पदों पर व्यापार मंडल के सदस्य अपने मतों का इस्तेमाल करेंगे, जिसमंे दो महिला पद आरक्षित किए गए हैं। व्यापार मंडल का सदस्यता अभियान 15 जुलाई तक चलेगा। राकेश अग्रवाल ने बताया कि अबतक 600 व्यापारी सदस्य बन चुके हैं और बड़े स्तर पर सदस्यता जारी है। उन्होंने कहा कि रामनगर के युवा व्यापारियों में इसको लेकर खासा उत्साह है।
कुमाऊं प्रभारी अश्वनी छाबड़ा ने बताया कि चुनाव निष्पक्षता से सम्पन्न कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जसपुर, काशीपुर, बाजपुर से चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। बैठक में जिला प्रभारी अशोक छाबड़ा, प्रदेश मीडिया प्रभारी दिलप्रीत सेठी, प्रदेश संगठन मंत्री मुशर्रफ हुसैन, मुकेश अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष पंकज टंडन, आकाश गर्ग, मानवेन्द्र शर्मा आदि उपस्तिथ रहे।