देहरादून। उत्तरखंड सरकार ने बीजेपी विधायक गणेश जोशी को बड़ी राहत दी है। सरकार ने गणेश जोशी पर शक्तिमान घोड़े की टांग तोड़ने से संबंधित मुकदमा वापस ले लिया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। खबर उत्तराखंड के पास मौजूद सरकार के इस आदेश की प्रति में इस बात की संस्तुति की गई है। गणेश जोशी पर पशु क्रूरता से संबंधित धाराएं हटाने की संस्तुति की गई है।
गौरतलब है कि हरीश रावत सरकार के कार्यकाल के दौरान विधानसभा के सामने बीजेपी के प्रदर्शन के दौरान पुलिस का एक घोड़ा शक्तिमान गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में उसकी मौत हो गई थी। इस दौरान ली गई तस्वीरों और वीडियो में गणेश जोशी घोड़े पर लाठी ताने हुए दिखे थे। आरोप हैं कि गणेश जोशी ने घोड़े की टांग पर लाठी मारी और बाद में घोड़ा खुद के बचाव में सड़क किनारे लगे एक एक पोल में फंस गया जिससे उसकी टांग टूट गयी थी। बाद में कृत्रिम टांग लगाने के बावजूद शक्तिमान की जान नहीं बचाई जा सकी। शक्तिमान नाम का ये घोड़ा उत्तराखंड पुलिस के लिए बेहद दुलारा था। शक्तिमान की मौत के बाद पुलिस ने गणेश जोशी पर पशु क्रूरता का मुकदमा दर्ज किया था और उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी।
राज्य में बीजेपी की सरकार बनने के बाद अब ये मुकदमा वापस ले लिया गया है। वहीं सरकार के इस फैसले को लेकर खूब चर्चा हो रही है। पशु प्रेमियों का मानना है कि गणेश जोशी के आक्रामक व्यवहार से ही शक्तिमान पीछे हटा और लोहे के पैनल में उसकी टांग फंस कर टूट गयी।