देहरादून : कैंट कोतवाली क्षेत्र की आजाद कॉलोनी में देर रात 14 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। किशोरी यहां अपने माता-पिता और भाई के साथ ननिहाल में रहकर 9वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। खुदकुशी के पीछे मोहल्ले के एक युवक से प्रेम प्रसंग होने को कारण बताया जा रहा है।
परिजनों से पूछताछ में पता चला कि छात्रा का6-7 महीने से मोहल्ले के ही एक लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात का पता चलने पर लड़की और लड़के घर वालों के बीच पंचायत भी हुई। इसके बाद लड़के के घर वालों ने लड़के को गांधी ग्राम में किराये के मकान में शिफ्ट कर दिया। लड़की के माता-पिता और भाई हरिद्वार वोट डालने गए थे, जबकि उसकी नानी किसी काम से बाहर गई हुई थीं। इस बीच लड़की ने अपनी एक रिश्तेदार का फोन लेकर लड़के को फोन मिला दिया।
इस बात की जानकारी लड़के के घर वाले और लड़की के एक अन्य रिश्तेदार को हो गई। इसके बाद से लड़की सहम गई कि हरिद्वार से उसके माता-पिता लौटेंगे तो उसे डांट पड़ेगी। रात नौ के बजे के करीब कमरे में फांसी लगा ली। रात करीब दस बजे उसकी नानी लौटीं।
काफी देर तक आवाज लगाने पर लड़की ने दरवाजा नहीं खोला तो उन्होंने मोहल्ले के लोगों की मदद से दरवाजा तुड़वाया। भीतर जाने पर वह रस्सी से लटकती मिली। उसे उतारकर दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कैंट इंस्पेक्टर अरुण कुमार सैनी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।