रुड़की : भारतीय किसान यूनियन अम्बावत के प्रदेश अध्यक्ष विकास सैनी पर एनएच 58 के मिट्टी कॉन्ट्रेक्टर ने दबाव बनाकर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए लंढौरा चौकी में प्रदेशाध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ताओ के खिलाफ तहरीर देकर कार्यवाही माँग की है। आपको बता दें कि एनएच 58 पर कुम्भ के मद्देनजर बाईपास निर्माण पर मिट्टी भराव के लिए शासन स्तर पर परमिशन लेकर मिट्टी भराव का कार्य चल रहा है। आरोप है कि दो दिन पहले भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष विकास सैनी ने अपने साथियों के साथ नेशनल हाईवे पर मिट्टी लेकर जा रहे वाहनों को रोक लिया जिसके बाद मौके पर काफी हंगामा भी हुआ था। सूचना पर मौके पर उपजिलाधिकारी नमामि बंसल भी पहुंची थी।
NH कॉन्ट्रेक्टर देव नागर ने पुलिस को दी तहरीर
किसानों का आरोप था कि अवैध खनन किया जा रहा है और क्षमता से अधिक मिट्टी भरी जा रही है। एसडीएम ने स्वीकृत मिट्टी के खेत की पैमाइश के भी लेखपाल को निर्देश दिए थे जिसके बाद आज NH कॉन्ट्रेक्टर देव नागर ने पुलिस को तहरीर दी जिसके अनुसार उन्होंने कहा कि वे सरकारी काम कर रहे हैं लेकिन कुछ लोग सरकारी काम में बाधा डालने का काम कर रहे हैं। नगलाइमरती गाँव में कुछ लोग जो खुद को किसान नेता बताते हैं उन्होंने मिट्टी के डम्पर रोक कर उनके ड्राईवर से मोबाईल व चाबियां छीन कर अनैतिक दबाव बनाने का प्रयास किया है।
किसान यूनियन के पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप
वहीं नगला इमरती ग्रामीणों ने भी किसान यूनियन के पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग यूनियन के नाम पर सरकारी कार्य मे बाधा डालने का कार्य करते हैं। उनका कहना है कि अगर क्षेत्र में अवैध खनन या कोई भी गलत कार्य हो रहा है तो उसे रोकने का कार्य पुलिस व प्रशासन का है। इन लोगों की ये अधिकार किसने दिया है। किसान नेताओं के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से कार्यवाही की मांग की गयी है। वहीँ इस मामले में भारतीय किसान यूनियन अमबावत के प्रदेश अध्यक्ष विकास सैनी का कहना है कि उन पर लगाये गए सभी आरोप निराधार है। उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने किसानो के हितों में कदम उठाए हैं।