National

चुनाव आयोग ने बीजेपी नेता अभिजीत को 24 घंटे तक प्रचार के लिए रोका, ममता बनर्जी पर की थी विवादित टिप्पणी

चुनाव आयोग ने भाजपा उम्मीदवार जस्टिस अभिजीत गंगोपाध्याय की पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कड़ी निंदा की। उन्होनें भाजपा उम्मीदवार पर 21 मई को शाम के पांच बजे से लेकर अगले 24 घंटे तक चुनाव प्रचार पर रोक लगाई है। आयोग ने भाजपा नेता को आदर्श आचार संहिता के तहत अपने सार्वजनिक बयानों में सावधामी बरतने की भी चेतावनी दी है।

ममता बनर्जी पर की थी अमर्यादित टिप्पणी

बता दें कि हल्दिया में 15 मई को एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते समय भाजपा उम्मीदवार गंगोपाध्याय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की थी। टीएमसी ने चुनाव आयोग को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। चुनाव आयोग ने गंगोपाध्याय को कारण बताओ नोटिस भेजा था, जिसका 20 मई शाम पांच बजे तक जवाब मांगा था।

लोकसभा चुनाव में गंगोपाध्याय चौथे ऐसे राजनेता हैं जिन्हें महिलाओं के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी के लिए नोटिस भेजा गया है। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष और कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी ममता बनर्जी और कंगना रणौत के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की थी, जिसके बाद चुनाव आयोग ने दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था और दोनों की टिप्पणियों की निंदा की थी।

Back to top button