देश: हाल ही में अंडों में बेहद विषैला कीटनाशक मिला है। जो कि सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक है। ये खतरनाक और जानलेवा अंडे यूरोप में मिले हैं। हालांकि अब इनका दायरा बढ़ता जा रहा है। ये दूषित अंडे स्विट्जरलैंड और हॉन्गकॉन्ग को भी सप्लाई किए जा चुके हैं।
अंडों में फिपरोनिल नामक कीटनाशक पाए जाने से यूरोप के बाजारों में हडक़ंप मचा हुआ है। अंडों में खतरनाक कीटनाशक के अंश पाए जाने के बाद बहुत से यूरोपीय देशों के रिटेलरों ने सुपर मार्केटों से लाखों अंडों को हटा दिया है। यूरोप के करीब 11 देशों में कीटनाशक युक्त अंडे पाए जाने से लोगों में भय का माहौल है। इस कीटनाशक का इस्तेमाल पोल्ट्री फार्म में मुर्गे और मुर्गियों पर किया गया। उन जानवरों पर इन कीटनाशकों का इस्तेमाल करना प्रतिबंधित है जिन्हें इंसान खाते हैं।
यूरोपीय स्वास्थ्य आयुक्त वाइतेनिज ऐंद्रीयुकैतीज ने कहा कि अंडों में कीटनाशक को लेकर यूरोपीय संघ (ईयू) मंत्रियों की आपात बैठक बुलाएगा। उन्होंने इस मामले को लेकर ‘एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराने और नीचा दिखाने की प्रवृत्ति की खत्म करने की अपील की। ऐंद्रीयुकैतीज ने बताया कि वह चाहते हैं कि नीदरलैंड्स, बेल्जियम और जर्मनी यह आरोप-प्रत्यारोप बंद करें कि इस संकट के लिए कौन जिम्मेदार है।
यूरोपियन कमीशन ने बताया है कि ये दूषित अंडे ईयू के 15 देशों के अलावा स्विट्जरलैंड और हॉन्ग कॉन्ग में भी पहुंच चुके हैं। ब्रसेल्स में कमिशन के एक प्रवक्ता ने बताया कि स्थितियां हर दिन और ज्यादा व्यापक होती जा रही हैं। इससे पहले बेल्जियम और नीदरलैंड्स में कई जगह पर छापेमारी भी की गई।