उत्तराखंड में कई दिनों बाद दिखे दुष्यंत गौतम, इस कार्यक्रम में आए नजर

लंबे समय से उत्तराखंड की राजनीति में लगभग गायब चल रहे बीजेपी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम एक बार फिर पार्टी की संगठनात्मक बैठक में नजर आए। उनकी इस मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा को जन्म दे दिया है, क्योंकि पिछले कई महीनों से वे राज्य की किसी भी बड़ी बैठक या कार्यक्रम में दिखाई नहीं दे रहे थे।
लंबे समय से उत्तराखंड की राजनीति से गायब चल रहे थे दुष्यंत गौतम
बता दें रविवार को हुई भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक में दुष्यंत गौतम की उपस्थिति ने नेताओं और कार्यकर्ताओं का ध्यान खींचा। प्रदेश प्रभारी होने के बावजूद वे लंबे समय से उत्तराखंड की बैठकों से दूरी बनाए हुए थे, जिसे लेकर पार्टी के भीतर और बाहर दोनों जगह सवाल उठ रहे थे।
पोस्टर विवाद के बाद बढ़ी थीं चर्चाएं
दरअसल यह दूरी उस वक्त ज्यादा चर्चा में आई जब उर्मिला सनावर ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित तौर पर दुष्यंत गौतम को ‘वीआईपी’ बताकर आरोप लगाए थे। इसके बाद से ही दुष्यंत गौतम उत्तराखंड की राजनीतिक गतिविधियों से लगभग दूर दिखाई देने लगे थे। इसी बीच एक और घटनाक्रम ने अटकलों को हवा दी थी। जब नितिन नवीन उत्तराखंड दौरे पर आने वाले थे, तब बीजेपी प्रदेश कार्यालय के बाहर लगाया गया एक पोस्टर चर्चा में आ गया था।

ये भी पढ़ें: BJP दफ्तर के बाहर लगे बैनर से दुष्यंत गौतम की फोटो गायब, महेंद्र भट्ट ने बताई वजह
अटकलों पर लगा विराम
पोस्टर में कई नेताओं की तस्वीरें थीं, लेकिन प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की फोटो गायब थी। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि कहीं बीजेपी दुष्यंत गौतम से दूरी तो नहीं बना रही। हालांकि अब इन अटकलों पर विराम लगता नजर आ रहा है। संगठनात्मक बैठक में दुष्यंत गौतम की मौजूदगी ने साफ संकेत दिया है कि वे अभी भी पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अजय भट्ट, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद हैं।
ये भी पढ़ें: अंकिता भंडारी केस: दुष्यंत गौतम ने इनके खिलाफ दर्ज कराई FIR, ठोका मानहानि का दावा, सामने रखे प्रमाण