उत्तराखंड में केदारनाथ धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के बाद चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर केदारनाथ धाम के कपाट के बाद मां यमुना के कपाट विधि विधान से सुबह 10 बजकर 29 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खुले गए हैं।
यमुनोत्री धाम में मां यमुना की डोली का उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। कपाट खुलने के साथ ही मां यमुना के जयकारों से परिजर गूंज उठा। कपाट खुलने के दौरान भक्तों की भारी भीड़ धाम में मौजूद रही। सभी भक्त भक्ति में लीन नजर आए। धाम में पहुंचे भक्तों ने मां यमुना के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
केदारनाथ धाम और यमुनोत्री धाम के बाद अब कुछ ही देर में गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए दोपहर 12 बजकर 41 मिनट पर खोल दिए जाएंगे। गंगोत्री धाम को भी फूल-पत्तियों से भव्य तरीके से सजाया गया है।