चमोली जिले को धामी सरकार की बड़ी सौगात, कर दिए ये बड़े ऐलान

चमोली की नीति घाटी में 31 मई से 2 जून तक आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के पुरस्कार वितरण समारोह में वर्चुअल माध्यम से जुड़ते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र में पर्यटन विकास को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
सीएम ने की नीति घाटी के लिए बढ़ी घोषणाएं
सीएम ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आजीविका मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी क्रम में चमोली जिले के नीति, मलारी, कोशा, फरकिया, बाम्पा, गुरगुटी, कैलाशपुर ओर महरगांव में सामुदायिक सहभागिता आधारित पर्यटन को प्रोत्साहित किया जाएगा। सीएम ने कहा इसके अंतर्गत सामुदायिक होम स्टे निर्माण के साथ ग्रामीण पर्यटन के लिए आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
नीति घाटी के विभिन्न गांवों में विकसित होंगे व्यू प्वाइंट
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि नीति घाटी के विभिन्न गांवों और प्रमुख पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा के लिए साइनेज और व्यू प्वाइंट विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा चमोली के रिमखिम और बाड़ाहोती क्षेत्र में बॉर्डर टूरिज्म को विकसित करने के उद्देश्य से ‘सीमा दर्शन केंद्र’ का निर्माण किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: चमोली जिले को धामी सरकार की बड़ी सौगात, कर दिए ये बड़े ऐलान
दुप्फूधार मैदान में कराया जाएगा आधारभूत सुविधाओं का विकास
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि गमशाली गांव में स्थित दुप्फूधार मैदान में आधारभूत सुविधाओं का विकास कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में साहसिक पर्यटन और बड़े आयोजनों को बढ़ावा मिल सके। सीएम की इन घोषणाओं से नीति घाटी सहित पूरे सीमांत क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।