
देहरादून :
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश भर में हिंसा हुई लेकिन भाजपा ने अब लोगों को जागरुक करने की ठान ली है। इसी को देखते हुए भाजपा ने उत्तराखंड के हर जिले में कार्यक्रम भी तय किए गए हैं। भाजपा ने विपक्ष पर लोगों में भ्रम फैलाने और दुष्प्रचार का आरोप लगाया है।
बता दें कि सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने यमुना कॉलोनी कुम्हार मंडी में 10 घरों में जाकर संपर्क किया साथ ही सीएए को लेकर पंपलेट बांटे, जिसमें विपक्षी दलों के दुष्प्रचार से सावधान रहने की बात कही गई है।
वहीं, कैंट विधायक हरबंस कपूर, मसूरी विधायक गणेश जोशी औऱ राजपुर विधायक खजानदास ने अपने-अपने क्षेत्र में रविवार को रैली निकाल कर लोगों से संवाद किया। भाजपा ने लोगों को कानून की आवश्यकता और उससे होने वाले फायदों के बारे में बताया। साथ ही सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से दस-दस घरों में संपर्क कर लोगों को जागरूक करने को भी कहा।
भाजपा ने लोगों को संदेश दिया कि सीएए से पाकिस्तान, अफगानिस्तान व बांग्लादेश से प्रताड़ित अल्पसंख्यकों को उनका हक मिलेगा। उन्होंने कहा कि ननकाना साहब में हुए हमले के बाद स्पष्ट हो गया कि मुस्लिम राष्ट्र में अल्पसंख्यकों के हित सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश अध्यक्ष के जनसंपर्क के दौरान उपाध्यक्ष नरेश बंसल, महानगर भाजपा अध्यक्ष सीताराम भट्ट भी मौजूद रहे।