Big NewsAnkita Bhandari NewsDehradun NewsPolitics

कांग्रेस ने आज किया मुख्यमंत्री आवास कूच, की अंकिता भंडारी हत्याकांड की CBI जांच की मांग

उत्तराखण्ड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा ज्योति रौतेला के नेतृत्व में राज्य में महिलाओं के साथ लगातार हो रहे बलात्कार, हत्या, उत्पीड़न और अत्याचार के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उपनेता भुवन कापड़ी पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, हीरा सिंह बिष्ट सहित पूरे प्रदेश से महिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कांग्रेस के सैकड़ों वरिष्ठ नेतागणों की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मुख्यमंत्री आवास तक जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने आज सड़कों पर उतरकर मुख्यमंत्री आवास कूच किया। लेकिन पुलिस ने उन्हें आधे रास्ते में ही रोक दिया।

कांग्रेस ने आज सड़कों पर उतरकर किया मुख्यमंत्री आवास कूच

महिला कांग्रेस की अध्यक्षा ज्योति रौतेला ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराए जाने तथा दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग को लेकर आज वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ प्रदर्शन किया। इसके साथ ही रिसॉर्ट में आने वाले वीआआपी के नाम का खुलासा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड मानवता के लिए शर्मसार करने वाला तथा देवभूमि उत्तराखण्ड की अस्मिता को कलंकित करने वाली घटना थी। जिसके लिए दोषियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए ताकि इस प्रकार के अपराध करने वालों के लिए एक नजीर साबित होती। लेकिन अंकिता के बलात्कार और हत्या में खुद भाजपा के नेतागणों के नाम आने के कारण आजतक उत्तराखण्ड की बेटी और उसके परिवार को न्याय नही मिल पाया है।

केन्द्र और राज्य सरकार आरोपियों को दे रही संरक्षण

केंद्र और राज्य सरकार लगातार इस हत्याकाण्ड में संलिप्त लोगों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा आंखिर भाजपा की केन्द्र सरकार सीबीआई जांच करने से क्यों कतरा रही है? उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के काले करतूत किसी से छुपे नहीं है। उन्होंने भाजपा के बलात्कारी नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह, पूर्व सासंद ब्रजभूषण, पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह सैनी, भाजपा विधायक रमेश जारकीहोली, सासंद मास रेपिस्ट प्रज्वल रेवन्ना, पूर्व मंत्री चिन्मयानन्द, पूर्व विधायक रामदुलार गौर, भाजपा नेता कन्हैया लाल मिश्रा, पद्यराजन, सक्षम पटेल, विनोद आर्य, पुलकित आर्य जैसे भाजपा के नेताओं ने देश को शर्मसार करने का काम किया है। उन्होंने कहा इसी प्रकार उत्तराखण्ड में भी जितने भी महिलाओं के साथ छेडडाड़, बलात्कार हुए हैं उनमें अधिकतर भाजपा के लोग संलिप्त हैं।

congress
महिला कांग्रेस प्रदर्शन

राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं लगातार बढती जा रही हैं। भाजपा नेता के रिजार्ट में राज्य की बेटी अंकिता भण्डारी के साथ हुई जघन्य अपराध की घटना के उपरान्त जिस प्रकार रातों-रात सबूत नष्ट करने का काम किया गया उससे स्पष्ट होता है कि भाजपा सरकार में अपराधियों को खुला संरक्षण दिया जा रहा है।

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा रिसॉर्ट पर बुल्डोजर फिराने के आदेशों से इंकार किया गया है। भाजपा सरकार सबूत नष्ट करने के बाद अपनी पीठ थपथपा रही है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य आपराधिक घटना में शामिल सभी लोगों के नामों का खुलासा होना चाहिए जिसके लिए कांग्रेस पार्टी इस जघन्य हत्याकाण्ड की जांच सीबीआई से कराने की मांग करती है।

congress
कांग्रेस प्रदर्शन

अंकिता हत्याकाण्ड के सबूतों को किया गया नष्ट

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि राज्य सरकार ने अंकिता हत्याकाण्ड के सबूतों को नष्ट करने का काम किया है। अंकिता हत्याकाण्ड जैसे जघन्य अपराध राज्य में महिला सुरक्षा के लिए गम्भीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि लचर कानून व्यवस्था के कारण आज भी महिलाओं के साथ बलात्कार और अत्याचार की वारदातें लगातार बढ रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता की निर्मम हत्या होने बावजूद भी अपराधी को इतना वक्त दिया गया कि वो साक्ष्य मिटा सके। एक महत्वपूर्ण साक्ष्य बुलडोजर से तोड़कर नष्ट कर दिया गया। जहां सीसीटीवी कैमरा सहित कई साक्ष्य कोर्ट में महत्वपूर्ण हो सकते थे। अपराधियों के मोबाइल और उनके संरक्षकों के मोबाइल गायब बताए गए। अपराधियों को पुलिस रिमांड में लेने में जान बूझकर विलंब किया गया। पोस्ट मार्टम में महिला डॉक्टर को सम्मिलित न करना भी केश को कमजोर करने की साजिश थी। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी जी का भी आभार प्रकट किया कि उन्होंने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उत्तराखण्ड की बेटी अंकिता को न्याय दिलाने की मांग की थी।

congress

भाजपा विरोधी दल के नेताओं के डराने धमकाने का करती है काम

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा नेता के पुत्र का रिसॉर्ट होने के कारण राज्य सरकार द्वारा शुरूआत से ही इस जघन्य अपराध की घटना पर पर्दा डालने का काम किया गया। सरकार के दबाव में पहले राजस्व पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज करने में हीला हवाली की गई।

उपनेता भुवन कापड़ी ने कहा कि इन आठ वर्षों के कार्यकाल में भाजपा की राज्य सरकार पूरी तरह फेल हुई है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार ना तो महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों को ही कम कर पा रही है और ना ही बेरोजगारों को रोजगार दे पा रही है। जबकि पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा विरोधी दल के नेताओं के डराने धमकाने का काम करती है। लेकिन हम डरने वाले नही हैं चाहे भाजपा कुछ भी कर ले।

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें