Uttarakhandhighlight

कांग्रेस ने किया ‘केदारनाथ बचाओ यात्रा’ में शामिल होने का आह्वान, यात्रा को बताया केदारनाथ की रक्षा के लिए आंदोलन

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की तर्ज पर उत्तराखंड कांग्रेस ने बुधवार से केदारनाथ धाम बचाओ यात्रा की शुरुआत कर दी है. कांग्रेस के लिए ये यात्रा बेहद महत्वपूर्ण है. हरिद्वार में हरकी पैड़ी से केदारनाथ धाम प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा शुरू की गई. केदारनाथ बचाओ यात्रा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हैं. इस दौरान माहरा ने आम जनमानस से भी यात्रा में जुड़ने का आह्वान किया है.

कांग्रेस ने किया केदारनाथ बचाओ यात्रा में शामिल होने का आह्वान

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा हरिद्वार से केदारनाथ तक की यह पवित्र यात्रा केवल एक यात्रा नहीं है. यह हमारे पूज्य केदारनाथ ज्योतिर्लिंग की पवित्रता और अखंडता की रक्षा के लिए एक आंदोलन है. इसके साथ ही उत्तराखंड के लोगों के आर्थिक, सामाजिक और धार्मिक अधिकार भी। माहरा ने आम जनमानस से यात्रा में जुड़ने का आह्वान किया है.

कांग्रेस ने सरकार पर लगाए कई गंभीर आरोप

करन माहरा ने कहा कि केदारनाथ मंदिर से 223 किलो सोने की चोरी हुई है. स्पष्ट आरोपों और पुख्ता सबूतों के बावजूद केदारनाथ मंदिर से 223 किलो सोने की चोरी की जांच नहीं की गई है. इसके अलावा पीएम मोदी द्वारा केदारनाथ ज्योतिर्लिंग के गर्भगृह के अंदर फोटो खिंचवाकर सदियों पुरानी परंपराओं का उल्लंघन किया है।

पवित्र स्थानों के नाम पर व्यवसाय करने का लगाया आरोप

माहरा ने कहा कृष्णा माई गुफा का नाम बदलकर भाजपा सरकार ने मोदी गुफा कर दिया है. दिल्ली में केदारनाथ मंदिर का शिलान्यास और निर्माण से पवित्रता से समझौता किया गया है. हमारे पवित्र स्थानों का व्यावसायीकरण और राजनीतिकरण करने, संसाधनों को उत्तराखंड से दूर करने का एक और प्रयास है।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button