ChamoliBig News

भालू से बच्चों की जान बचाने वाली छात्राओं से CM ने की बात, वन विभाग को दिए गश्त बढ़ाने के निर्देश

चमोली के विकासखंड पोखरी के अंतर्गत विद्यालय परिसरों के पास घटित भालू के हमले की घटनाओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अत्यंत गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया है।

भालू के हमले में घायल बच्चे से CM की ने बात

मुख्यमंत्री ने भालू के हमले में घायल छात्र से फ़ोन पर बातचीत कर उसका हालचाल जाना और जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। सीएम ने कहा उपचार ओर सुरक्षा के हर स्तर पर किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

बच्चों की जान बचाने वाली छात्राओं से भी की CM ने फ़ोन पर बात

सीएम ने घटना के दौरान साहस, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए भालू से बच्चों की जान बचाने वाली साहसी छात्राओं दिव्या और दीपिका से भी बात की। सीएम ने छात्राओं की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में जिस साहस, धैर्य और जिम्मेदारी का परिचय उन्होंने दिया है, वह पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।

ये भी पढ़ें: भालूओं का आतंक!, स्कूल पहुंचा…जान बचाने के लिए बच्चे कमरों में छिपे, दरवाजा तोड़ एक मासूम को उठाया

सीएम ने बच्चियों को कहा कि संकट की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना अन्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना असाधारण साहस का उदाहरण है। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि राज्य सरकार ऐसे साहसी बच्चों को सदैव प्रोत्साहित करेगी।

CM ने वन विभाग को दिए प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के निर्देश

सीएम ने जिला प्रशासन और वन विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से गश्त बढ़ाई जाए, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास सुरक्षा के अतिरिक्त पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो, इसके लिए सभी आवश्यक व प्रभावी कदम उठाए जाएं।

घायल बच्चे को उचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

सीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि घायल छात्र को उचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जाए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित निगरानी बनाए रखने और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास कायम करने के निर्देश भी दिए। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार के लिए बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नागरिकों की जान-माल की रक्षा के लिए सरकार हर परिस्थिति में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button