Uttarakhand

सीएम बोले उत्तराखंड में सभी श्रद्धालुओं का स्वागत, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक की। जिसमें उन्होंने आला-अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुख-सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: CM

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और प्रकृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की कि वे उत्तराखंड के शांत वातावरण में अपनी यात्रा का पूरा आनंद लें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

कर्णप्रयाग और नगरासू प्रकरण की निष्पक्ष जांच जारी

सीएम ने कहा कि कर्णप्रयाग और नगरासू में सामने आई घटनाओं के संबंध में सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार, प्रशासन और पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। जांच में जो भी दोषी पाया गया है, उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई है। साथ ही सभी तथ्यों के आधार पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुचारु रूप से चल रही उत्तराखंड में चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा

सीएम ने कहा कि प्रदेश में चारधाम यात्रा के साथ-साथ हेमकुंड साहिब यात्रा भी सुचारु रूप से संचालित हो रही है। चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, हेमकुंड साहिब यात्रा के शुरुआती दिनों में ही श्रद्धालुओं की संख्या पिछले साल की तुलना में 25 हजार अधिक दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें: गुरूद्वारे से नीचे आए निहंग, पंजाब से पहुंचे चार सदस्यीय जत्था से वार्ता के बाद माने

अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप होगा लोगों का स्वागत: CM

सीएम ने कहा कि उत्तराखंड में सिख गुरुओं द्वारा स्थापित तीन प्रमुख पवित्र स्थल हेमकुंड साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब स्थित हैं, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि सभी का सम्मान करना देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप यहां आने वाले सभी लोगों का स्वागत और सत्कार किया जाता है।

भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों पर होगी कार्रवाई: CM

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों से अपील की कि वे समाज और समुदायों को बांटने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के लोगों ने मिल-जुलकर देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रामक और भड़काऊ खबरें फैलाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

CM बोले संवाद से ही समस्याओं का समाधान संभव

सीएम ने कहा कि हमारे सभी धार्मिक स्थल आस्था, श्रद्धा और प्रेरणा के केंद्र हैं, जहां से समाज को सकारात्मक मार्गदर्शन प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट रुख है कि देवभूमि उत्तराखंड में ऐसा कोई कृत्य स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचे या किसी धर्म और आस्था को नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि संवाद, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण वातावरण के माध्यम से ही सभी समस्याओं का समाधान संभव है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें