हरिद्वार: पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने 2016 में कांग्रेस सरकार गिराने वाले 10 बागी विधायकों की सीबीआई जांच की मांग की है। किशोर का कहना है कि सीबीआई को उनके हर पहलू की जांच करनी चाहिए। आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार गिराने के लिए भाजपा ने करोड़ों का लेनदेन किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हतोत्साहित करने के लिए भाजपा हरीश रावत की जांच करा रही है।
किशोर उपध्याय ने कहा कि केंद्र सरकार सीबीआई और ईडी का दुरुपयोग कर रही है। हरिद्वार में सभा को संबोधित करते हुए वनाधिकार आंदोलन के पूर्व संयोजक किशोर उपाध्याय ने कहा कि नौ नवंबर को उत्तराखंड 19 साल का हो जाएगा, लेकिन इस अंतराल में कुछ नेताओं, अधिकारियों और लोगों की ही तरक्की हुई। उन्होंने कहा कि आम जनता आज भी जूझ रही है।