
रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के भाई और भांजे के खिलाफ पुलिस ने ग्राम प्रधान से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बीते दिनों दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी थी। बता दें कि इस मामले में पीड़ित प्रधान की पैरवी के लिए उत्तराखंड राज्य सलाहकार श्रम संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत थाने पहुंचे। कैलाश पंत ने केस दर्ज करने की वकालत की जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ग्राम प्रधान को जान से मारने की धमकी देने के हैं आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को मिचोली, सीम के प्रधान संदीप खुल्बे ने भतरौंजखान थाने मे तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाए कि पीपलमंडी से भतरौंजखान पहुंचने पर विधायक के भाई सतीश नैनवाल और उनके भांजे संदीप बधानी ने रामनगर रोड स्थित वेल्डिंग की दुकान के सामने उसकी गाड़ी रोकी। जिसके बाद दोनों ने उन्हें दुकान से बाहर खींचकर पीटा और फिर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
दर्जा मंत्री कैलाश पंत समर्थकों के साथ पहुंचे थाने
तहरीर देने के बाद भी इस मामले में बुधवार सुबह तक केस दर्ज नहीं हुआ। जिसके बाद पीड़ित पक्ष के साथ दर्जा मंत्री कैलाश पंत समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने दोनों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करने की बात कही। इस दौरान थाने में गहमागहमी का माहौल रहा।
इसके दो घंटे बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिसके बाद कैलाश चंद्र पंत अपने समर्थकों के साथ वहां से रवाना हुए। बता दें कि दोनों पक्षों के खिलाफ पुलिस ने धारा 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।