ब्यूरो- उड़ीसा मे बीजू जनता दल की सरकार है। बावजूद इसके आज और कल उड़ीसा की राजधानी भुवनेश्वर दो दिन तक भगवे रंग मे रंगी दिखाई देगी। भुवनेश्वर के चौक चौराहों पर 15 और 16 अप्रैल को भाजपाई पताकाएं लहराती हुई दिखाई दे सकती है।
उसकी वजह है भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिती की बैठक। भुवनेश्वर में भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक है। इसमें देश भर के भाजपा दिग्गज जुटेंगे और भाजपा आलाकमान से पार्टी को और व्यापक बनाने के टिप्स लेंगे।
उत्तराखंड से बैठक मे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, भुवनचंद्र खंडूड़ी, डा.रमेश पोखरियाल निशंक, और विजय बहुगुणा समेत कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, विधायक हरबंश कपूर, राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत, महामंत्री संगठन संजय कुमार, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और प्रवक्ता अनिल बलूनी जैसे दिग्गज शिरकत कर रहे हैं।
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव और कई उपचुनाव मे धांसू जीत के बाद ये भाजपा की पहली राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक है। बैठक आज और कल यानि 15-16 अप्रैल दो दिन चलेगी।