देहरादून। मुख्यमंत्री हरीश रावत के प्रवक्ता और मीडिया सलाहकार सुरेन्द्र कुमार ने सी.बी.आई. के समन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया को पहले जारी किया गया समन एक सुनियोजित साजिश है। भाजपा ने जैसी साजिश राज्य सरकार को गिराने के समय की थी वैसी ही साजिश सी.बी.आई. के समन के जरिए कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सी.बी.आई. के बलबूते पर राज्य में आगामी विधान सभा चुनाव लड़ना चाहती है। इसलिए सी.बी.आई. का समन भेजने का यह समय भाजपा द्वारा चुना गया है। सुरेंद्र कुमार ने कहा कि भाजपा के केन्द्र सरकार के पास राज्य को देने के लिए कुछ भी नही है।
सुरेंद्र कुमार ने कहा कि हमें तो पहले ही पता था कि चुनाव से पहले भाजपा सी.बी.आई का दुरूपयोग करेगी। हमारी शंका सही साबित हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा को आभाष हो गया है कि चुनाव जीतना अब संभव नहीं है।
वहीं मुख्यमंत्री के प्रवक्ता/मीडिया सलाहकार सुरेन्द्र कुमार ने भाजपा के केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी.नड्डा व बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बयानों पर पलटवार किया है। सुरेंद्र कुमार ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के लिए 337 करोड़ रूपये में से मात्र 21 करोड़ रूपये ही दिये है। पिथौरागढ मेडिकल कॉलेज के लिए कुछ भी नही दिया है।