Big NewsPolitics

बीजेपी ने भी शुरू किया चंदा मांगो अभियान, कार्यकर्ताओं के साथ ही जनता से भी मांगे जाएंगे रूपए

लोकसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने भी आज उत्तराखंड में चंदा मांगो अभियान की भी शुरुआत कर दी है। बता दें कि इस से पहले गढ़वाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी ने लोगों से चंदा देने की अपील की थी।

बीजेपी ने भी शुरू किया चंदा मांगो अभियान

लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा के द्वारा जहां प्रचार प्रसार जोरो शोरों से चलाया जा रहा है। स्थापना दिवस पर भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ जनता से भी चंदा मांगने के अभियान की शुरुआत की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि पार्टी के द्वारा आज से इस अभियान की शुरुआत की जा रही है और कार्यकर्ताओं से अपील है कि वो पांच रुपए से लेकर 2000 हजार रुपए तक पार्टी फंड में जमा कर सकते हैं।

भाजपा को क्यों पड़ गई चंदे की जरूरत

उत्तराखंड में कांग्रेस भले आर्थिक तंगी का रोना रो रही हो। लेकिन भाजपा फिलहाल आर्थिक रूप से मजबूत नजर आती है। खास बात ये है कि 25 करोड़ रुपए की एफडी कुछ सालों पहले पार्टी ने चंदे के जरिए की थी। इसके साथ ही विधायक भी हर साल पार्टी फंड में अपने वेतन का कुछ हिस्सा देते हैं।

ऐसे में भाजपा आर्थिक रूप से इतनी मजबूत होने के बाद भी चंदा क्यों मांग रही है। पार्टी को किस लिए चांदे की जरूरत पड़ रही है। इस बारे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के प्रति समर्पण भाव रखते हैं और समर्पण भाव को देखते हुए ही अभियान की शुरुआत की गई है।

गणेश गोदियाल ने मांगा था चंदा

आपको बता दें कि सबसे पहले इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने सोशल मीडिया के जरिए चंदा मांगा था। उन्होंने कहा था कि उनके पास चुनाव लड़ने के लिए पैसे नहीं है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर लोगों से कहा था कि ये चुनाव जनता लड़ रही है इसलिए आर्थिक रूप से पांच दस हजार रूपए देकर उनकी मदद करें।

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button