Big NewsDehradun

बड़ा खुलासा : शहरी विकास विभाग ने भी माना, निकाय के अधीन नहीं दर्ज हुई है राजस्व विभाग की जमीन

भाजपा विधायक विनोद चमोली के द्वारा भू-माफियाओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसको लेकर उन्होंने मुख्य सचिव को भी पत्र भेजकर ऐसी जमीनों की जांच की मांग की है। अब इस मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। शहरी विकास विभाग ने भी माना कि निकाय के अधीन राजस्व विभाग की जमीन नहीं दर्ज हुई है।

विधायक विनोद चमोली ने भू माफियाओं के खिलाफ खोला मोर्चा

भाजपा विधायक विनोद चमोली के द्वारा भू माफियाओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया गया है। जिसको लेकर उन्होंने मुख्य सचिव को भी पत्र भेजकर ऐसी जमीनों की जांच की मांग की है। जो 15 से 20 साल के बीच खुर्द बुर्द की गई है।

भाजपा विधायक तो यहां तक कह रहे हैं कि अगर सरकारी भवनों के लिए उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र में जगह लेनी होती है तो उसके लिए उन्हें जगह नहीं मिल पाती। लेकिन सरकारी जमीनी खुर्द बुर्द हो रही है। इसलिए इसको लेकर गहराई में जाकर जांच किए जाने की आवश्यकता है, ताकि जमीनें खुर्द बुर्द ना हो सके।

विधायक विनोद चमोली ने लगाए गंभीर आरोप

विधायक विनोद चमोली ने आरोप लगाए हैं कि जिन ग्राम सभाओं को नगर निगम में शामिल किया गया था उन जमीनों को नगर निगम अभी तक अपने पास नहीं ले पाया है। जिसकी वजह से जमीनें ज्यादातर खुर्द बुर्द हो रही हैं। ये स्थिति सिर्फ देहरादून नगर निगम की ही नहीं है बल्कि प्रदेश में जहां भी ग्राम सभा निकायों में शामिल हैं लगभग सभी जगह यही स्थिति है।

इस मामले में अपर सचिव शहरी विकास नवनीत पांडेय का कहना है कि कई स्तर पर इस को लेकर जिम्मेदारियां अधिकारियों को दी गई है। जिला अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे इसका ब्यौरा दें कि किस जमीन पर क्या स्थिति है।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अभी तक निकायों के पास राजस्व विभाग के अभिलेख वाली जमीन भी उपलब्ध नहीं हो पाई है। जैसे ही राजस्व विभाग की जमीन नगर निगम के पास उपलब्ध होती है उसके बाद अगर कहीं कब्जा होगा तो उन पर अतिक्रमण के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अतिक्रमण को लेकर सीएम धामी गंभीर – खजान दास

भाजपा विधायक का मुद्दा उठाने के बाद ये मामला सुर्खियों में आ गया है। जिसके बाद विपक्षी दल भी सरकार पर हमलावर हैं। तो वहीं इस मामले में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता खजान दास का कहना है कि अतिक्रमण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी काफी गंभीर है।

इसके लिए प्रदेश में अतिक्रमण अभियान भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि कोई कितना भी बड़ा भूमाफिया क्यों ना हो उस पर कार्रवाई की जाएगी। जो मामला विधायक विनोद चमोली के द्वारा उठाया गया है उसका संज्ञान मुख्यमंत्री लेंगे।

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button