Dehradunhighlight

सूचना कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष बने भुवन चन्द्र जोशी, कर्मचारियों की समस्याओं पर मंथन

breaking uttrakhand newsदेहरादून: उत्तराखंड सूचना कर्मचारी संघ के प्रांतीय अधिवेशन का आयोजन किया गया। अधिवेशन का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर निदेशक सूचना डाॅ. अनिल चन्दोला, संयुक्त निदेशक आशिष त्रिपाठी ने किया। अधिवेशन को सम्बोधित करते हुए अपर निदेशक डाॅ. अनिल चन्दोला ने कहा कि विभाग द्वारा संघ को पूरा सहयोग प्रदान किया जायेगा। डाॅ. चन्दोला ने कहा कि संघ द्वारा रचनात्मक कार्यों में भी योगदान दिया जाय। विभागीय कार्मिकों की सहायता के लिए कर्मचारी कल्याण कोष की स्थापना की जाय, जिसमें प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी प्रतिमाह अंशदान जमा करें। डाॅ. चन्दोला ने अपने वेतन से 1100 रुपये का अंशदान प्रतिमाह जमा कराने की घोषणा की।

संयुक्त निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि सूचना विभाग की मजबूती के लिए जरूरी है कि संघ भी मजबूत रहे। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपेक्षा की कि संघ के माध्यम से विभागीय हित में कार्य करेंगे। संयुक्त निदेशक आशिष त्रिपाठी ने कहा कि संघ में ही शक्ति है, लेकिन शक्ति का सही उपयोग कैसे करना है, इसके लिए भी संघ को ही सोचना होगा। उन्होंने कहा कि संघ के माध्यम से सकारात्मक रूप से कार्मिकों के हितों को रखा जाय। विभाग कार्मिकों के हितों के प्रति सदैव सजग है।

अधिवेशन की अध्यक्षता करते हुए भुवन चन्द्र जोशी ने कहा कि संघ का उद्देश्य कार्मिकों के हितों को विभाग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विभाग में कार्मिकों की अत्याधिक कमी है, जिसके लिए संघ के माध्यम से उच्च स्तर पर वार्ता की जायेगी। अधिवेशन के द्वितीय सत्र में नई कार्यकारिणी का चुनाव निर्विरोध किया गया। चुनाव अधिकारी गोपाल सिंह राणा ने चुनाव प्रक्रिया को सम्पन्न कराया गया। जिसमें भुवन चंद्र जोशी अध्यक्ष, सुषमा उपाध्यक्ष, सुरेश चन्द्र भट्ट महामंत्री, प्रशांत रावत संयुक्त मंत्री, चेतन पाण्डेय और अंकित चैहान संगठन मंत्री, राकेश कुमार धीमान कोषाध्यक्ष, प्रमोद तिवारी संयोजक और आॅडिटर, बहादुर सिंह कन्याल प्रचार मंत्री, रामपाल सिंह रावत, गिरीजाशंकर जोशी, रणजीत सिंह बुदियाल, दीपेन्द्र सिंह रावत, मनोज कुमार सती, सुनील तोमर, पारूल, संतोषी नेगी, विपिन चंद्र, रामसिंह परजोली को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।

Back to top button