National

भगत सिंह की केजरीवाल के साथ तस्वीर पर उनके पोते संधू को लगा बुरा, जानें क्या कहा

सीएम अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले में तिहाड़ जेल में बंद है। दिल्ली में इन दिनों सरकार जेल से चलाई जा रही है और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल सीएम का संदेश दे रही है। ऐसे में गुरुवार को सुनीता केजरीवाल ने एक वीडियो ब्रीफिंग की। इस दौरान उनके बैकग्राउंड में भगत सिंह और बाबा साहब अंबेडकर की तस्वीर के साथ अरविंद केजरीवाल की सलाखों के पीछे खड़े फोटो लगी थी। केजरीवाल की तुलना महान नेताओं से की गई। जिसके बाद कुछ ही देर में बवाल भी देखने को मिला। एक तरफ बीजेपी तो दूसरी तरफ भगत सिंह के पोते ने आप पार्टी की इस हरकत को लेकर नाराजगी जताई और कड़ी आलोचना की।

भगत सिंह के पोते यदविंदर संधू ने क्या कहा

भगत सिंह के पोते यदविंदर संधू ने कहा कि ये देखने के बाद मुझे बहुत बुरा लगा कि उनकी तुलना दिग्गजों से करने की कोशिश की गई। मैं आम आदमी पार्टी से कहूंगा कि वह ऐसी गतिविधियों से दूर रहे। संधू ने कहा कि भगत सिंह ने देश के लोगों के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया, इसके विपरीत, आप के अरविंद केजरीवाल कथित भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल का सामना कर रहे हैं।
वहीं बीजेपी ने इसकी आलोचना करते हुए कहा कि केजरीवाल को भगत सिंह और अंबेडकर की बराबरी में नहीं लगाना चाहिए। बीजेपी ने इसे राष्ट्रीय नायकों का अपमान बताया।

भाजपा की तानाशाही के खिलाफ

आप मंत्री आतिशी ने कहा, “केंद्र की बीजेपी सरकार ने झूठे आरोप में अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया है। अरविंद केजरीवाल आज भाजपा की तानाशाही के खिलाफ चल रहे संघर्ष के प्रतीक हैं और उनकी तस्वीर इस बात का सबूत है। यह हमें याद दिलाने के लिए है कि आज भाजपा के खिलाफ जो संघर्ष चल रहा है, वह किसी स्वतंत्रता संग्राम से कम नहीं है। एक समय था, जब देश की जनता अंग्रेजों के खिलाफ लड़ती थी। आज ऐसा समय है जब हमें भाजपा की तानाशाही के खिलाफ संघर्ष करना है और अरविंद केजरीवाल वही कर रहे हैं।

हम महापुरूषों के दिखाये रास्ते पर चल रहे हैं

आप पार्टी के नेता संजय सिंह ने केजरीवाल की भगत सिंह के साथ फोटो पर बयान देते हुए कहा कि लोग भगत सिंह की प्रतिमा के साथ सेल्फी खिंचाते हैं। अगर किसी की फोटो महापुरूषों के बीच है तो इसमें क्या समस्या है। उन्होंने कहा फोटो लगाने का मकसद ये नहीं कि हम खुद को बहुत बड़ा समझते हैं बल्कि हम महापुरूषों के दिखाये रास्ते पर चल रहे हैं उनके उसूलों को अनुसरण कर रहे हैं।

Back to top button