highlightPauri Garhwal

बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला: श्रीनगर से सीएम धामी ने की प्रदेशवासियों से जुड़ने की अपील

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को श्रीनगर में आयोजित बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले के शुभारंभ के अवसर पर जनता को वर्चुअल संबोधित किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि श्रीनगर गढ़वाल में स्थित मां धारी देवी और भगवान कमलेश्वर महादेव के पौराणिक मंदिर सम्पूर्ण उत्तराखंड की अनमोल धरोहर है।

बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला का हुआ शुभारंभ

सीएम धामी ने कहा कि हर साल बैकुण्ठ चतुर्दशी के अवसर पर आयोजित होने वाला यह मेला आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक लोक परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पारंपरिक मेले हमें हमारी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। सीएम ने कहा राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास को आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और कनेक्टिविटी सहित अनेक क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है।

केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत चल रहे पुनर्निर्माण कार्य: CM

सीएम ने कहा कि प्रदेश के विकास के साथ सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को भी संरक्षित किया जा रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत पुनर्निर्माण कार्य चल रहे हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का कार्य तेजी के साथ चल रहा है। सीएम ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के पूर्ण होने पर श्रीनगर के साथ पूरे गढ़वाल क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। सरकार द्वारा श्रीनगर क्षेत्र में अनेकों विकास कार्य भी करवाए जा रहे हैं।

रोडवेज बस टर्मिनल और पार्किंग का किया जा रहा निर्माण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 4. 88 करोड़ की लागत से रोडवेज बस टर्मिनल और पार्किंग का निर्माण किया गया है। अलकनन्दा नदी के किनारे गंगा संस्कृति केंद्र का निर्माण कार्य की स्वीकृति के साथ ही श्रीनगर नगर पालिका को नगर निगम बनाया गया है। 37 करोड़ से अधिक की लागत से मढ़ी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण भी किया जा रहा है।

सीएम ने कहा कि सरकार द्वारा श्रीनगर के बेलकेदार और बेलकंडी मार्ग से लगे क्षेत्र में एक नई टाउनशिप स्थापित करने, श्रीनगर नगर निगम के दायरे में आने वाले सभी मोहल्लों तक सीवरेज की व्यवस्था पहुंचाने, जिला मुख्यालय पौड़ी में ट्राइडेंट पार्क निर्माण, पुराने कलेक्ट्रेट भवन को हैरिटेज भवन के रूप में विकसित करने, धारी देवी मंदिर पैदल मार्ग का निर्माण, गोला पार्क का सौन्दर्यीकरण कार्य जैसी विभिन्न विकास योजनाओं पर भी कार्य किया गया है।

शिक्षा के हब के रूप में भी उभर रहा श्रीनगर

सीएम ने कहा कि मंदिरों का ये शहर धार्मिक, ऐतिहासिक और शैक्षणिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है। श्रीनगर प्रदेश में शिक्षा के हब के रूप में भी उभर रहा है, इसे देखते हुए सरकार यहां एक पैरामेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी करा रही है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण कार्य अंतिम चरण में हैं। बेस अस्पताल श्रीनगर में 25 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है, जिसका लाभ पौड़ी के साथ ही चमोली, टिहरी और रूद्रप्रयाग जिले के हजारों मरीजों को मिलेगा।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button