धन सिंह रावत का बड़ा फैसला: उच्च शिक्षा विभाग में खत्म होगी अटैचमेंट व्यवस्था

प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में शिक्षकों और कर्मचारियों के सभी प्रकार की अटैचमेंट को समाप्त किया जाएगा। साथ ही विभिन्न संस्थानों एवं विभागों में प्रतिनियुक्ति पर गये कार्मिकों की भी वापसी सुनिश्चित की जाएगी। इसे लेकर उच्च शिक्षा मंत्री धनि सिंध रावत ने आदेश जारी कर दिए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग में खत्म होगी अटैचमेंट व्यवस्था
उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि दोनों विभागों के बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी अभी अपनी मूल पोस्टिंग वाली जगहों के अलावा दूसरे कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और विभागों में अटैचमेंट या डेपुटेशन पर काम कर रहे हैं। इसका कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थानों में एकेडमिक गतिविधियों और प्रशासनिक कामकाज, दोनों पर बुरा असर पड़ रहा है। जिसके चलते ये फैसला लिया गया है।
मूल तैनाती पर लौटेंगे शिक्षक कर्मचारी
डॉ धन सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि विद्यालयी शिक्षा विभाग की तर्ज पर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में भी अटैचमेंट व्यवस्था को समाप्त किया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्षिक स्थानांतरण से पहले सभी प्रकार की सम्बद्धताओं को समाप्त करते हुए संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों को उनके मूल तैनाती स्थलों पर भेजा जाए।
ये भी पढ़ें: शिक्षा विभाग में बड़ा फैसला: प्रतिनियुक्ति पर तैनात कार्मिकों की होगी वापसी
मंत्री बोले शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाना है उद्देश्य
मंत्री ने कहा कि सरकार का मकसद सभी शिक्षण संस्थानों में मानव संसाधनों का संतुलित और पारदर्शी इस्तेमाल सुनिश्चित करना है, ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके और संस्थानों की कामकाज की क्षमता बढ़ाई जा सके। डेपुटेशन पर तैनात कर्मचारियों की स्थिति की समीक्षा करने के बाद, डॉ. रावत ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे ज़रूरत के अनुसार उन्हें उनकी मूल पोस्टिंग पर वापस भेजने के लिए तुरंत कार्रवाई करें।