
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सगन्ध पौधा केन्द्र, सेलाकुई (देहरादून) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड महक क्रांति नीति 2026–36 का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर सीएम ने सेटेलाइट सेंटर भाऊवाला का लोकार्पण किया और सगन्ध पौधा केन्द्र एएमएस (C-14) प्रयोगशाला का शिलान्यास भी किया।
CM ने की पांच नए सेटेलाइट सेंटरों के शिलान्यास की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के पांच नए सेटेलाइट सेंटरों के शिलान्यास की घोषणा की, जो परसारी (चमोली), रैथल (उत्तरकाशी), भैसोड़ी (अल्मोड़ा), खतेड़ा (चंपावत) एवं विषाड (पिथौरागढ़) में स्थापित किए जाएंगे।
सुगंध पौधा केन्द्र और डाबर इंडिया लिमिटेड के बीच किया MOU साइन
कार्यक्रम के दौरान सुगंध पौधा केन्द्र और डाबर इंडिया लिमिटेड के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू (MOU) साइन किया। इसका उद्देश्य एक्सटेंशन, अनुसंधान एवं विकास, मानव संसाधन विकास, मार्केटिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है।

तुलसी की खेती करने वाले किसानों को किया सम्मानित
सीएम ने कैप के फाउंडर वैज्ञानिकों और लेमनग्रास व तुलसी की खेती करने वाले किसानों को सम्मानित किया। साथ ही परफ्यूमरी प्रयोगशाला का निरीक्षण भी किया। सीएम ने महक क्रांति नीति के शुभारम्भ को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस नीति के तहत प्रदेश में सात एरोमा वैलियों का विकास किया जाएगा।
बता दें पहले चरण में पिथौरागढ़ में तिमूर वैली, चमोली और अल्मोड़ा में डैमस्क रोज वैली, ऊधमसिंह नगर में मिंट वैली, चंपावत और नैनीताल में सिनेमन वैली तथा हरिद्वार और पौड़ी में लेमनग्रास और मिंट वैली विकसित की जाएगी।