सेब बागवानों को फसल बीमा का दिया जाए मुआवजा, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने दिए निर्देश

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बीमा कंपनी के अधिकारियों को किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए किसानों को तत्काल फसल बीमा की धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस बाबत कृषि मंत्री ने शुक्रवार को कैप कार्यालय में बीमा कंपनी द्वारा उत्तरकाशी जिले के किसानों का बीमा निरस्त करने के संबंध में कृषि महानिदेशक, उद्यान निदेशक तथा एसबीआई बीमा कंपनी के स्टेट हेड के साथ बैठक की।
सेब बागवानों को फसल बीमा का दिया जाए मुआवजा
बैठक के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय अधिकारियों और बीमा कंपनी के अधिकारियों को किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए किसानों को तत्काल बीमा धनराशि का मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने महानिदेशक को तत्काल अपने स्तर से कार्यवाही करने और भारत सरकार के दिशा निर्देशानुसार ब्लॉक, तहसील स्तर पर बीमा कंपनी द्वारा अधिकारी व कर्मचारी की तैनाती के लिए भी निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा वर्षा, सूखा और ओलावृष्टि से फसलों की सुरक्षा के लिए बीमा कराया गया हैं तो ऐसे में किसानों को उनकी फसल बीमा का उचित मुआवजा मिला चाहिए।
राजकीय पोर्टल को फिर खोलने का किया अनुरोध
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने इस बारे में केन्द्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी पत्र लिखकर इस प्रकरण को अवगत कराया है। राजकीय पोर्टल को फिर खोलने का अनुरोध किया है ताकि सेब की फसल का बीमा फिर से हो सके। गौरतलब है कि उत्तरकाशी जिले के नौगांव, पुरोला और मोरी ब्लॉक के किसानों द्वारा कुछ दिन पहले कृषि मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपकर उन्हें मामला अवगत कराया था।
बता दें कि ज्ञापन में कृषकों द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत माह दिसम्बर-जनवरी (2023-24) में सेब की फसल का बीमा किया गया था। लेकिन सीएससी और एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी द्वारा बीमा धनराशि प्राप्त करने के उपरान्त भी किसानों का बीमा निरस्त किया जा रहा। जिन किसानों का प्रीमियम एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी द्वारा वापिस किया गया है, उनको बीमा करने की अनुमति फिर प्रदान करने का आग्रह किया गया था।