
देहरादून : विधानसभा सत्र के तीसरे दिन जहां मंत्री सवालों पर असहज नजर आये। वहीं, ठहाकों के बीच कुछ ऐसा भी हुआ, जिसको हल्के में लिया गया, लेकिन बात उतनी हल्की थी नहीं, जितना समझा जा रहा है। अक्सर गंभीर बातों को ऐसे ही ठहाकों और हंसी से टाल दिया जाता है। सदन में उप नेता सदन करण माहरा ने कहा कि त्रिवेंद्र सरकार में आधी सरकार तो कांग्रेसी है। इस पर मदन कौशिक का बीच में बोलना और परिवहन मंत्री यशपाल आर्य का हैरान होना काफी कुछ बयां करता है।
आधी सरकार कांग्रेसी
बहस के दौरान करन माहरा ने कहा कि भाजपा की आधी सरकार तो कांग्रेसी है। इस पर जमकर ठहाके लगे। लेकिन, माहौल उस वक्त कुछ गंभीर हो गया, जब शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने बीच में खड़े होकर आधी सरकार का इशारा यशपाल आर्य की ओर कर दिया। यशपाल आर्य ने इस पर कुछ कहा तो नहीं, लेकिन हैरानी जरूरी जताई। पहले भी इशारों-इशारों में उन पर ऐसे ही निशाने साधे जाते रहे हैं।
हरक भी रहे निशाने पर
दरअसल, भाजपा सरकार में हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य, सुबोध उनियाल जैसे कांग्रेस से बगावत करके भाजपा में शामिल हुए। चुनाव जीते और मंत्री भी बने, लेकिन जिस तरह से पिछले दो दिनों में वन मंत्री हरक सिंह रावत पर भाजपा विधायकों ने हमले किये उससे इस बात की ओर इशारा माना जा रहा है कि भाजपाई जानबूझकर हरक सिंह रावत को असहज करना चाह रहे थे। आज भी निशाने पर कांग्रेस से आये सुबोध उनियाल आए। शाम होते-होते आधी सरकार कांग्रेसी के बयान पर इशारा और निशाना यशपाल आर्य की ओर किया गया।
भारोसा नहीं कर पा रहे
कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने और मंत्री बनने के बाद भी कांग्रेस के बगावती नेताओं को भाजपाई होने के लिए जूझना पढ़ रहा है। इससे एक बात यह भी साफ होती है कि भाजपा में अभी उनको पूरी तरह स्वीकार नहीं किया गया। इसको लेकर उनको कई बार असहज भी होना पड़ा है। खासतौर पर इस विधानसभा सत्र में सभी को निशाना बनाया गया। मुख्यमंत्री से भी तनातनी की खबरें बीच-बीच में आती रहती हैं। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं से किनारा करन अपने पुराने कार्यकर्ताओं को ज्यादा महत्व दिये जाने के आरोप भी लगते रहे हैं।
…प्रदीप रावत (रवांल्टा)